Bihar Heliport Project: बिहार के 13 जिलों की बदलेगी तस्वीर! बनेगा हेलीपोर्ट, शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा, जानिए किन जिलों को मिलेगा फायदा
Bihar Heliport Project: बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य के 13 जिलों में हेलीपोर्ट विकसित किए जाएंगे। ...
Bihar Heliport Project: बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य के 13 जिलों में हेलीपोर्ट विकसित किए जाएंगे। इससे आने वाले समय में इन जिलों में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का रास्ता साफ होगा। इस योजना से न सिर्फ आम लोगों का सफर आसान होगा, बल्कि आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को भी तेजी से अंजाम दिया जा सकेगा। इसके अलावा पर्यटन, कारोबार और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस महत्वाकांक्षी योजना को जमीन पर उतारने के लिए नागर विमानन मंत्रालय, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और बिहार सरकार के बीच समझौता किया जाएगा। इसके तहत केंद्र और राज्य सरकार की जिम्मेदारियां निर्धारित होंगी। विमानन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, दिसंबर महीने में समझौता ज्ञापन यानी एमओयू पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इसके बाद हेलीपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
फिलहाल जिन 13 आकांक्षी जिलों में हेलीपोर्ट विकसित करने की योजना है, उनमें अररिया, औरंगाबाद, बांका, बेगूसराय, गया, जमुई, कटिहार, खगड़िया, मुजफ्फरपुर, नवादा, पूर्णिया, सीतामढ़ी और शेखपुरा शामिल हैं। इन जिलों में हवाई संपर्क बेहतर बनाने के लिए विशेष पहल की जा रही है। योजना लागू होने के बाद इन इलाकों के लोगों को लंबी दूरी की यात्रा में सहूलियत मिल सकती है।
विभाग के अनुसार, परिवर्तित उड़ान योजना के तहत नए हवाई मार्गों पर विमान सेवा शुरू करने की भी तैयारी है। शुरुआती दौर में यात्रियों की संख्या कम रहने की आशंका है। ऐसे में विमानन कंपनियों को आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए सरकार वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगी। इससे कंपनियों को नए रूट पर उड़ान शुरू करने और सेवाएं जारी रखने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही राज्य के विभिन्न हवाई अड्डों के विकास पर भी जोर दिया जाएगा। हेलीपोर्ट और नए हवाई मार्ग तैयार होने से छोटे शहरों तथा दूरदराज के इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ सकती है। वहीं व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
सबसे बड़ा फायदा आपातकालीन परिस्थितियों में देखने को मिल सकता है। बाढ़, प्राकृतिक आपदा, गंभीर दुर्घटना और मेडिकल इमरजेंसी के दौरान हेलीकॉप्टर के जरिए राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित किए जा सकेंगे। हालांकि, योजना का वास्तविक लाभ हेलीपोर्ट निर्माण और सेवाओं के शुरू होने के बाद ही सामने आएगा।