Bihar IAS Transfer: बिहार में IAS अफसरों का ट्रांसफर, अनन्या सिंह को मिला DDC का पदभार, 10 BPS का भी तबादला, जानें किसको क्या मिली जिम्मेदारी
बिहार सरकार ने IAS और BPS अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की है। IAS अनन्या सिंह बनीं औरंगाबाद की डीडीसी, कृष्ण कुमार का पथ निर्माण विभाग में तबादला, 10 BPS अधिकारियों की नई नियुक्ति।

Bihar IAS Transfer: बिहार सरकार ने राज्य की प्रशासनिक संरचना में महत्वपूर्ण फेरबदल किया है। इसमें कई भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और बिहार प्रशासनिक सेवा (BPS) अधिकारियों का तबादला हुआ है। यह फेरबदल राज्य में प्रशासनिक दक्षता को सशक्त बनाने के लिए किया गया है।
इसमें सबसे प्रमुख नाम IAS अधिकारी अनन्या सिंह का, जिन्हें बंगाल कैडर से ट्रांसफर करके बिहार कैडर में लाया गया है। बिहार में योगदान देने के बाद उन्हें औरंगाबाद जिले का उप विकास आयुक्त (DDC) बनाया गया है। उन्हें जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (CEO) का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
IAS अधिकारी कृष्ण कुमार का भी तबादला
वाणिज्य कर विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत IAS अधिकारी कृष्ण कुमार का तबादला कर उन्हें पथ निर्माण विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है। यह ट्रांसफर विभागीय संरचना को अधिक प्रभावी और गतिशील बनाने के लिए किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना सोमवार को जारी की है।
बिहार प्रशासनिक सेवा (BPS) के 10 अधिकारियों का तबादला
बिहार प्रशासनिक सेवा के 10 अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। इनमें कई जिलों से जुड़े वरीय और कनिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रमुख बदलाव इस प्रकार हैं:
अभ्येंद्र मोहन सिंह, औरंगाबाद के उप विकास आयुक्त, को बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग का सचिव बनाया गया है।
शहनवाज अहमद, पदस्थापन की प्रतीक्षा में, को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में उप सचिव नियुक्त किया गया है।
मो. मंजूर आलम को बेगूसराय में अपर समाहर्ता (लोक शिकायत) पद पर भेजा गया है।
मो. कयूम अंसारी, सारण से स्थानांतरित होकर बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार में संयुक्त सचिव बनाए गए हैं।
नीरज नारायण को पथ निर्माण विभाग में उप सचिव नियुक्त किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग और अन्य अहम नियुक्तियाँ
आनंद प्रकाश, जो स्वास्थ्य विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी थे, उन्हें गया का वरीय उप समाहर्ता बनाया गया है।
सुमन कुमार, जो छपरा में भू-अर्जन पदाधिकारी थे, अब खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में उप सचिव होंगे।
अनिल कुमार, शिवहर से स्थानांतरित होकर अब स्वास्थ्य विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी होंगे।
प्रियंका कुमारी, समस्तीपुर की भूमि सुधार उप समाहर्ता, को नई दिल्ली स्थित स्थानिक आयुक्त कार्यालय में विशेष कार्य पदाधिकारी बनाया गया है।
मनीष कुमार, गया से स्थानांतरित होकर स्वास्थ्य विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी बनाए गए हैं।
स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति को स्वीकृति
बिप्रसे अधिकारी शेख जियाउल हसन, जो मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज के अनुमंडल पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) का आवेदन दिया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में भी अधिसूचना जारी कर दी है।