Bihar Weather: बिहार में बरसेंगे बादल, उमस नहीं होगी कम, 12 जिलों में गरज के साथ वज्रपात के आसार, पटना में उमस से बेहाल होंगे लोग

Bihar Weather: बिहार में मानसून की सक्रियता बरकरार है, लेकिन बारिश के बावजूद उमस भरी गर्मी लोगों का इम्तिहान ले रही है।

बिहार में बरसेंगे बादल- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में मानसून की सक्रियता बरकरार है, लेकिन बारिश के बावजूद उमस भरी गर्मी लोगों का इम्तिहान ले रही है। बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक 29 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी दस्तक दे सकती है। हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

बिहार मौसम सेवा केंद्र  के अनुसार सीवान, सारण, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, पटना, वैशाली और पश्चिमी चंपारण समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बिहार के अनेक स्थानों पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जबकि राज्य के शेष हिस्सों में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं।हालांकि कुछ जिलों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। बांका, बेगूसराय, गोपालगंज, सीतामढ़ी और पश्चिमी चंपारण में मौसम का मिजाज अपेक्षाकृत ज्यादा तल्ख रह सकता है। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को खराब मौसम के दौरान एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।

बारिश के साथ कई इलाकों में मेघ गर्जन और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में खुले मैदान, खेत या पेड़ के नीचे खड़े रहने से बचना बेहद जरूरी है। मौसम खराब होने पर लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की हिदायत दी गई है।

बिहार मौसम सेवा केंद्र  के मुताबिक वातावरण में इस समय नमी की मात्रा काफी अधिक है। मानसूनी गतिविधियों के कारण ऊपरी वायुमंडलीय स्तर पर बादलों का निर्माण हो रहा है। कई इलाकों में बादल तो मंडरा रहे हैं, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं हो रही। यही वजह है कि बारिश से पहले और उसके बाद उमस और चिपचिपी गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है।

अगले 2 से 3 दिनों में बिहार के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे तपिश में कुछ कमी आने की उम्मीद है। हालांकि अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। यानी पारा थोड़ा नीचे आने के बावजूद वातावरण में नमी बनी रहने से उमस पूरी तरह खत्म होने के आसार कम हैं।

बिहार मौसम सेवा केंद्र  के अनुसार 30 अगस्त को भी बिहार के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। राजधानी पटना में पिछले 24 घंटे के दौरान बादल छाए रहे और हल्की बारिश भी हुई, लेकिन उमस ने लोगों को परेशान रखा। दूसरी ओर मुजफ्फरपुर, मधेपुरा और पूर्णिया में झमाझम बारिश दर्ज की गई।कुल मिलाकर बिहार में मानसून सक्रिय है, मगर बारिश का वितरण असमान बना हुआ है। कहीं बादल मेहरबान हैं तो कहीं सिर्फ घने बादल उमड़कर निकल जा रहे हैं। आने वाले दिनों में तापमान में मामूली गिरावट से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन उमस से तत्काल निजात मिलने की उम्मीद कम है।