Bihar weather: बिहार में भीषण गर्मी का कहर, मौसम विभाग ने इन 8 जिलों के लिए जारी किया येलो अलर्ट, जानिए कब होगी राहत की बारिश
Bihar weather: बिहार में अब भीषण गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग ने 8 जिलों के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं गर्मी से अब लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
बिहार में भीषण गर्मी का कहर जारी है। दिन के साथ साथ रात में भी अब राहत नहीं है। गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। वहीं आज यानी सोमवार को मौसम विभाग ने 8 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो आज पटना, सारण, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शेखपुरा, भागलपुर और बांका में भयंकर लू चलेगी। विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बांका के लोगों को अधिक सावधान रहने की आवश्यकता है।
वास्तविक तापमान से 5 डिग्री अधिक गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि लोगों को वास्तविक तापमान से करीब 5 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्मी महसूस होगी। वहीं राज्य में तापमान में अगले तीन-चार दिनों तक किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, 14 मई तक बिहार के अधिकतर हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। रविवार को मोतिहारी में लू का व्यापक असर देखा गया। वहीं अन्य शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
इस दिन से बारिश की संभावना
गर्मी से झुलस रहे बिहारवासियों को 15 मई से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में 15 मई को बारिश हो सकती है। जिसमें राजधानी पटना भी शामिल है। बारिश के दौरान बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। ऐसे में किसानों को सावधानी बरतने और खेतीबाड़ी की गतिविधियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
पटना में स्कूलों का टाइम बदला
तेज गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। पटना समेत कई जिलों में अब स्कूलों की छुट्टी का समय साढ़े 12 बजे से घटाकर साढ़े 11 बजे कर दिया गया है। आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन भी इसी समय तक सीमित रहेगा। यह व्यवस्था फिलहाल 17 मई तक प्रभावी रहेगी। इसके बाद मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे का निर्णय लिया जाएगा। पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि यह कदम बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।