Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी के बीच राहत वाली खबर, इस दिन दस्तक देगा मानसून, इन इलाकों में होगी झमाझम बारिश

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी के बीच राहत वाली खबर सामने आई है। मौसम विभाग की मानें तो इस दिन राज्य में मानसून की एंट्री हो जाएगी।

बिहार में मानसून की एंट्री - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: बिहार के मौसम में अब बदलाव देखने को मिल रहा है। फिलहाल लोग भीषण गर्मी झेल रहे हैं। वहीं भीषण गर्मी के बीच राहत वाली खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य में अपने तय समय पर यानी 15 जून तक दस्तक दे सकता है। मानसून की रफ्तार में पहले भले ही सुस्ती रही हो, लेकिन अब इसके जल्द बिहार में प्रवेश की उम्मीद जताई गई है।

पारा 40 डिग्री पार 

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून इस समय सिक्किम और उत्तर बंगाल की सीमा पर रुका हुआ है। जो कि बिहार की सीमा से सटे क्षेत्र हैं। अब इसके आगे बढ़ने के अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। हालांकि मानसून की आमद से पहले दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। पटना, गया, छपरा समेत कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। विभाग ने शुक्रवार को भी गर्मी से राहत की संभावना को नकारा है और लू जैसे हालात बने रहने की चेतावनी दी है।

15 से 17 जून के भीतर मानसून की एंट्री 

मालूम हो कि इस बार केरल में मानसून तय समय से आठ दिन पहले ही पहुंच गया था। जिससे उम्मीद जताई जा रही थी कि बिहार में भी यह जल्दी आ सकता है। लेकिन जून के पहले सप्ताह में इसकी गति धीमी पड़ने से राज्य में इसकी एंट्री में देर हुई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में राज्य के सीमांचल क्षेत्रों खासकर किशनगंज और पूर्णिया के रास्ते मानसून बिहार में प्रवेश करेगा। विभाग की मानें तो यह इस बार अपने सामान्य समय के भीतर ही राज्य में पहुंचेगा।

48 घंटे के लिए हीटवेव का अलर्ट 

बिहार में फिलहाल गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। राज्य के 17 जिलों के लिए आज हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 6 राज्यों में बारिश की संभावना है। अब थोड़े दिनों में मानसून की एंट्री की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। भीषण गर्मी को देखते हुए  पटना DM ने 8वीं तक की कक्षाएं 11 बजे तक और कोचिंग संस्थाएं भी सुबह 11 बजे तक ही चलाने का आदेश दिया है। शाम 4 बजे के बाद कोचिंग संस्थाएं में पढ़ाई होगी। यह आदेश 16 जून तक के दिया गया है।