Bihar Weather: बिहार में आज बारिश मचाएगा कहर, पटना में सुबह से बरस रहे बदरा, इन 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
Bihar Weather: राजधानी पटना में आज सुबह से बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज आंधी बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी दी है।
Bihar Weather: बिहार के कई जिलों में मानसून एक बार फिर कहर बनकर टूटने को तैयार है। गंगा, सोन समेत राज्य की प्रमुख नदियां उफान पर हैं। जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार और सोमवार को राज्य के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया जिलों में दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मुजफ्फरपुर सहित उत्तर बिहार के 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
आज आंधी-बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी
रविवार को उत्तर बिहार के कई जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है। मुजफ्फरपुर के ऊपर से इस समय मानसून ट्रफ गुजर रहा है। जिससे पूरे क्षेत्र में व्यापक वर्षा और गरज-चमक के साथ आंधी आने की संभावना है। इस क्षेत्र में वायुमंडलीय दबाव कम होने के कारण बादलों का तेज जमाव हो रहा है।
पटना में आंशिक बादल
वहीं पटना में रविवार को सुबह से हल्की बारिश जारी है। हालांकि तापमान में कोई बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 56% आर्द्रता के साथ लोगों को भीषण उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। बीते दो दिनों में राज्यभर में बारिश लगभग नहीं के बराबर रही, जिससे तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है।ॉ
नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के चलते गंगा, कोसी, बागमती और अन्य नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। इससे बाढ़ की स्थिति खासकर निचले इलाकों में उत्पन्न हो सकती है। राज्य सरकार ने सभी जिलों के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ को अलर्ट पर रखा है।
टॉप 5 सबसे गर्म जिले
शनिवार को बिहार के किसी भी जिले में बारिश दर्ज नहीं की गई। तेज धूप और लू जैसे हालात के कारण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुपौल में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद खगड़िया (37.6°C), मोतिहारी (37°C), दरभंगा और गोपालगंज (36.8°C) सबसे गर्म जिलों में शामिल रहे। उत्तर बिहार के सभी 19 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। दक्षिण बिहार के पटना, गया, बक्सर, भागलपुर सहित अन्य जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं।