Bihar Weather: बिहार में गर्मी से हाल का बेहाल, 5 सालों का टूटा रिकार्ड, 44 °C तक पहुंचा तापमान, हीटवेव का अलर्ट
Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी का कहर लगातार जारी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। रोहतास का डेहरी सबसे गर्म स्थान रिकॉर्ड किया गया...
Bihar Weather: बिहार में इन दिनों भीषण गर्मी और लू जैसे हालात बने हुए हैं। शुक्रवार को रोहतास जिले का डेहरी प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। जहां अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
गर्मी से हाल बेहाल
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का अधिकतम तापमान 33 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 27.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। अरवल में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में अधिकांश स्थानों पर कोई खास बदलाव नहीं देखा गया, हालांकि उत्तर-पूर्वी जिलों में 1 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
3 से 4 दिनों तक भीषण गर्मी
मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक भीषण गर्मी जारी रहने की चेतावनी दी है। दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक रहने की संभावना है। वहीं, औरंगाबाद, भभुआ, गया, नवादा और रोहतास जिलों में ‘हॉट डे’ को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि पूर्ण रूप से लू जैसी स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन तेज धूप और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
बारिश की संभावनाएं
उत्तर बिहार के कुछ जिलों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। 25 अप्रैल को पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों में एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने के भी आसार हैं। अरवल में अधिकतम हवा की रफ्तार 46 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।
5 सालों का टूटा रिकॉर्ड
पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार अप्रैल की गर्मी ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। इस साल रोहतास के डेहरी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो हाल के वर्षों में सबसे अधिक है। इससे पहले 2024 में बक्सर में 44.2°C, 2023 में औरंगाबाद में 42.6°C, 2022 में बक्सर में 43.8°C और 2025 में डेहरी में 42.4°C दर्ज किया गया था।