Bihar Weather: पसीने से तर-बतर होगी बिहार की होली! मौसम विभाग का बड़ा खुलासा, इस तारीख से शुरू होगा 'हीटवेव' का तांडव

Bihar Weather: बिहार में अब गर्मी अपना तेवर दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार है। 28 फरवरी से तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि इस बार बिहार में भीषण गर्मी महसूस होगी।

हीटवेव का तांडव - फोटो : AI Image

Bihar Weather: बिहार के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस की जा रही है, जबकि दिन में सुहावनी धूप लोगों को सुकून दे रही है। अधिकतम तापमान भले ही 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा हो, लेकिन वातावरण अभी भी आरामदायक बना हुआ है। ज्यादातर लोगों ने स्वेटर और जैकेट को अलविदा कह दिया है। रात में हल्के गर्म कपड़ों से काम चल जा रहा है, वहीं दिन में सिर्फ शर्ट पहनकर भी लोग सहज महसूस कर रहे हैं।

अब गर्मी दिखाएगी तेवर 

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान संकेत दे रहे हैं कि यह राहत ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रहेगी। अगले तीन दिनों के बाद दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। खासकर होली के बाद गर्मी अपने तेवर दिखाने लगेगी। दोपहर के समय धूप में खड़ा रहना मुश्किल हो सकता है और तापमान में तेज वृद्धि से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

फिलहाल मौसम की स्थिति

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के हल्के प्रभाव और हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण वर्तमान में वातावरण संतुलित बना हुआ है। दिन का तापमान सामान्य के आसपास है, जबकि रात में बेहद हल्की ठंडक दर्ज की जा रही है। लेकिन यह संतुलन अस्थायी माना जा रहा है। पूर्वानुमान के मुताबिक, फिलहाल दिन का तापमान 27.4°C से 32°C के बीच और रात का तापमान 13.1°C से 18.1°C के बीच रह सकता है। सुबह के समय लोग टहलने और धूप सेंकने का आनंद ले रहे हैं, हालांकि दोपहर तक धूप की तीव्रता बढ़ने पर लोग छांव का सहारा लेना पसंद कर रहे हैं।

मार्च में मई जैसी गर्मी के संकेत

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि होली के बाद अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। दोपहर के समय गर्माहट और असहजता बढ़ेगी। इस वर्ष शुरुआती गर्मी सामान्य से थोड़ी तेज रहने के संकेत हैं। राजधानी पटना में मार्च के मध्य तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला 28 फरवरी से शुरू होने की संभावना है।