Bihar weather:बिहार के कई जिलों में बारिश, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट, जानें आज आपके इलाके का कैसा रहेगा मौसम

Bihar weather:बिहार में आज यानी 15 सितंबर को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है।

मौसम का हाल- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar weather:बिहार में आज यानी  15 सितंबर को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम में आ रहे इस अचानक बदलाव को देखते हुए विभाग ने आम लोगों को खुले स्थानों पर न रहने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय बिहार के मौसम पर एक साथ कई मौसमी प्रणालियों का असर पड़ रहा है। मानसून ट्रफ (Monsoon Trough) बिहार के आसपास सक्रिय बनी हुई है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में ऊपरी हवा का एक चक्रवातीय परिसंचरण (निर्मित हुआ है। इन दोनों प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से राज्य भर में घने बादल छाने, बारिश होने और बिजली चमकने की अनुकूल स्थितियां बन रही हैं।

उत्तर-मध्य बिहार: सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की संभावना है।

उत्तर-पूर्व बिहार: सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में भी गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

दक्षिण-मध्य बिहार: राजधानी पटना सहित गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद में मौसम बदलेगा और बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।

दक्षिण-पूर्व बिहार: भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया जिलों में भी कुछ स्थानों पर वर्षा का अनुमान है।

सुरक्षा संबंधी सलाह

मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवा के दौरान लोगों को पक्के मकानों में शरण लेने, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने और जलजमाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की हिदायत दी है। किसान भाइयों को भी सलाह दी गई है कि वे खराब मौसम के दौरान खेतों में जाने से बचें।