Bihar weather: पटना समेत बिहार में छाए रहेंगे बादल, 5 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं और वज्रपात से बढ़ी आफत की आशंका

मौसम विभाग ने बिहार के 5 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 7 जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है।

पटना समेत बिहार में छाए रहेंगे बादल, 5 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं और वज्रपात से बढ़ी - फोटो : social Media

Bihar weather: बिहार में रविवार को मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने वाला है। आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच कई इलाकों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के 5 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 7 जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम के इस बदले तेवर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाने के साथ-साथ प्रशासन की भी बेचैनी बढ़ा दी है।

ऑरेंज अलर्ट वाले इलाकों में बारिश के साथ करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली यानी वज्रपात गिरने का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी जाती है।

मौसम विभाग के मुताबिक 17 से 19 अगस्त तक उत्तर बिहार के जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। खासकर चंपारण और सीवान के आसपास मानसूनी गतिविधियां ज्यादा प्रभावी रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और कम दबाव के क्षेत्र के असर से उत्तर-पश्चिमी बिहार में मानसून की ट्रफ लाइन मजबूत हुई है।

राजधानी पटना में रविवार को दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 17 अगस्त को तापमान 33/27 डिग्री और 18-19 अगस्त को 32/26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

वहीं दक्षिण बिहार में फिलहाल मानसून कमजोर बना हुआ है। यानी उत्तर बिहार में जहां बारिश आफत बन सकती है, वहीं दक्षिणी इलाकों में लोगों को अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार है