Bihar Weather: झुलसाती गर्मी के बीच राहत की खबर, बिहार के 13 जिलों में गरजेंगे बादल, बरसेंगे मेघ, पटना के लोगों को झेलनी पड़ेगी उमस वाली गर्मी

Bihar Weather:बिहार में हवा में नमी अब घुलने वाली है, आसमान पर काले बादलों का पहरा जल्दी हीं दिखाई देगा और भीषण गर्मी से झुलस रही धरती को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। ...

तपिश से मिलेगी राहत- फोटो : social Media

Bihar Weather:बिहार में  हवा में नमी अब घुलने वाली है, आसमान पर काले बादलों का पहरा जल्दी हीं दिखाई देगा और भीषण गर्मी से झुलस रही धरती को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 9 जून को बिहार के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। आज पटना के लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। दिन में उमस से लोगों को परेशानी होगी।

हालांकि बारिश की संभावना के बावजूद आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और उमस का असर बना रहेगा। कई जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जबकि रात का तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। कैमूर, रोहतास और बक्सर जैसे जिलों में सबसे अधिक गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है।

दूसरी ओर किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, दरभंगा और मधुबनी जैसे उत्तर एवं पूर्वी जिलों में बादलों की आवाजाही, बारिश और ठंडी हवाओं के कारण मौसम अपेक्षाकृत खुशनुमा रह सकता है। किसानों को भी मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और खेतों में काम करते समय एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। कुल मिलाकर मानसून की आमद ने राहत की उम्मीद तो जगाई है, लेकिन मौसम का मिजाज आने वाले दिनों में काफी तल्ख और चुनौतीपूर्ण भी रह सकता है

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के कारण उत्तर और पूर्वी बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजधानी पटना समेत गया, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, वैशाली, गोपालगंज, किशनगंज और कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं कुछ स्थानों पर तेज बौछारें और आंधी-तूफान भी देखने को मिल सकते हैं।

मौसम विभाग ने 10 से 12 जून के बीच बिहार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान थंडरस्क्वॉल, तेज आंधी और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।