Bihar Weather: बिहार में मौसम का 'U-टर्न'! तपती धूप के बीच मंडराए काले बादल, अगले 24 घंटों में इन जिलों में होगी झमाझम बारिश, येलो अलर्ट जारी!

Bihar Weather: बिहार में इन दिनों मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य में तापमान सामान्य से करीब 5 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।

कल से बारिश का अलर्ट - फोटो : AI Image

Bihar Weather: बिहार में मार्च की शुरुआत के साथ ही सूरज की तपिश ने मई जैसी गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया है। रविवार को राज्य के कई हिस्सों में पारा 35°C के पार पहुंच गया, जिसने पिछले कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सबसे बुरा हाल बक्सर, गया, औरंगाबाद, रोहतास और पटना जैसे जिलों का है। जहाँ लू जैसे हालात महसूस किए जा रहे हैं। हालांकि, तपती धूप और उमस से परेशान बिहारवासियों के लिए राहत भरी खबर भी आ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण कल यानी सोमवार से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

48 घंटे में बदल जाएगा मौसम 

मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 9 और 11 मार्च को बिहार के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। दरअसल, ओडिशा और उसके आसपास निचले क्षोभमंडल स्तर पर चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही एक ट्रफ रेखा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है। इन परिस्थितियों के कारण बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं पूर्वी भारत की ओर आ रही हैं, जिससे बिहार और झारखंड में बारिश की स्थिति बन रही है।

इन जिलों में खराब मौसम की चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में मेघगर्जन, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, बांका, जमुई और खगड़िया समेत आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और ठनका गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 9 मार्च को पूरे बिहार में, 10 मार्च को उत्तर बिहार में और 11 मार्च को पूर्वी बिहार के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। इसे लेकर कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

तापमान में लगातार बढ़ोतरी

बीते 24 घंटों के दौरान बिहार के अधिकांश जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार को राज्य का सबसे अधिक तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस नालंदा के राजगीर में रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा वाल्मीकिनगर में 33.4°C, पटना में 33.2°C, बक्सर में 33.1°C और मोतिहारी में 33°C तापमान दर्ज किया गया। राज्यभर में अधिकतम तापमान 30.4°C से 34.2°C के बीच रहा। तेज धूप के कारण दिन में लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है और अब रात के तापमान में भी तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है।