Bihar Mausam:बिहार में सताएगी ठंड, लुढ़केगा पारा, 15 ज़िलों के लिए घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी, इस दिन के बाद फिर सर्दी का शुरु होगा सितम, कुहासे की चादर और धूप की आँख-मिचौली रहेगी जारी

Bihar Mausam: मौसम विभाग ने आज राज्य के 15 ज़िलों के लिए घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। ...

बिहार में सताएगी ठंड, लुढ़केगा पारा- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Mausam:बिहार में ठंड से फिलहाल राहत की कोई ठोस सूरत नज़र नहीं आ रही है। मौसम की फिज़ा में अब भी सर्दी का असर गहराई से मौजूद है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 15 ज़िलों के लिए घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। सुबह के वक्त कुहासे की मोटी चादर सड़कों, खेतों और शहरों को अपनी आग़ोश में ले लेती है, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ इस वक्त कमजोर ज़रूर पड़ा है, लेकिन 18 जनवरी के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे सकता है। इसके असर से 20 जनवरी के बाद ठंड में इज़ाफ़ा होने की आशंका जताई जा रही है। पश्चिम और उत्तर-पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की भी संभावना है, जो ठंड को और ज़्यादा तल्ख बना सकती है।

हवा की रफ्तार सुस्त होने और वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने के कारण सुबह-सवेरे घना कोहरा बन रहा है। हालांकि दिन चढ़ते ही आसमान साफ हो जा रहा है और तेज़ धूप निकल रही है। इसी वजह से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और दोपहर के वक्त हल्की गर्मी का एहसास होने लगता है, लेकिन रात और सुबह की ठंड अब भी लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर रही है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक बिहार में मौसम का यही मिज़ाज बना रहेगा सुबह घना कुहासा और दिन में खिली धूप। न्यूनतम तापमान में बहुत बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है, मगर सुबह-शाम की सर्द हवा से पूरी तरह निजात भी नहीं मिलेगी।

राजधानी पटना की बात करें तो यहां भी सुबह कोहरे का ग़ल्बा रहता है, जबकि दिन में तेज़ धूप खिलती है। अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है।

फिलहाल राज्य के 18 ज़िलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। भागलपुर के सबौर में सबसे कम 5.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। औरंगाबाद में 7.1, जीरादेई में 7.3, गया में 7.5 और समस्तीपुर में 7.7 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। वहीं डेहरी, सासाराम और बक्सर में 8.0, मधेपुरा और भागलपुर में 8.1, वाल्मीकिनगर में 8.4, छपरा में 8.5 और मधुबनी में 8.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

कुल मिलाकर, बिहार की फिज़ा में ठंड का असर अब भी कायम है धूप थोड़ी राहत देती है, मगर कुहासा और सर्द हवा आने वाले दिनों में भी इम्तिहान लेती रहेंगी।