Bihar Weather: 72 घंटे की तबाही के बाद कमजोर पड़ा अर्णब, आज बिहार में बारिश का अलर्ट नहीं

Bihar Weather: बिहार में पिछले 72 घंटे से मौसम पर कहर बरपाने वाले चक्रवाती सिस्टम ‘अर्णब’ का असर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है। ...

साइक्लोन अर्णब का असर होगा कम- फोटो : social Media

Bihar Weather: बिहार में पिछले 72 घंटे से मौसम पर कहर बरपाने वाले चक्रवाती सिस्टम ‘अर्णब’ का असर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के बाद रविवार, 27 सितंबर को मौसम विभाग ने राज्य के किसी भी जिले के लिए बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। इससे लोगों को राहत मिलने के आसार हैं। हालांकि पटना समेत कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से उठे कम दबाव के क्षेत्र ने मजबूत होकर चक्रवाती सिस्टम का रूप लिया था। इसके असर से बिहार में भारी मात्रा में नमी पहुंची। इसी दौरान उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने इस नमी को बारिश में तब्दील कर दिया। दोनों मौसमी सिस्टम के प्रभाव से पिछले तीन दिनों में राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

पटना में भी पिछले दो दिनों से बारिश का सिलसिला जारी रहा। रविवार को राजधानी में बादल छाए रहने और कुछ समय के लिए बारिश होने की संभावना है, लेकिन फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री रहेगा। 29 और 30 सितंबर को तापमान 34 से 35 डिग्री तक पहुंच सकता है। यानी बारिश थमने के साथ ही बिहार में गर्मी और उमस फिर अपना असर दिखा सकती है।

30 सितंबर तक बारिश की रफ्तार कमजोर रहने की संभावना है। कई जिलों में धूप खिल सकती है और मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा।