Bihar weather:​बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज, चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर से इन जिलों में होगी बारिश

Bihar weather:​बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज, चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर से इन जिलों में होगी बारिश

Bihar weather:​बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज- फोटो : Reporter

Bihar weather: बिहार में मौसम का मिजाज बदलने वाला है, क्योंकि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में मौसम में तब्दीली आने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र पटना की 18 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार, अगले 72 घंटों तक सुबह के समय अधिकांश क्षेत्रों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा। इसके बाद 21 और 22 नवंबर को राज्य के विभिन्न इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट और ठंड का असर और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 से 20 नवंबर तक पूरे बिहार में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। 

हालांकि, 21 नवंबर को दक्षिण-मध्य बिहार के कुल आठ जिलों—पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में तथा दक्षिण-पूर्व बिहार के पांच जिलों—जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर के कुछ चुनिंदा स्थानों पर बारिश हो सकती है। इसके अगले दिन यानी 22 नवंबर को भी दक्षिण-पूर्व बिहार के इन्हीं पांच जिलों में एक-दो स्थानों पर बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस बारिश का प्रभाव पूरे जिले पर नहीं पड़ेगा, बल्कि यह कुछ ही क्षेत्रों तक सीमित रहेगा। राहत की बात यह है कि अगले सात दिनों के दौरान राज्य में भारी बारिश या आंधी-तूफान को लेकर किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है, जिससे आम जनजीवन सामान्य रहने की पूरी उम्मीद है।