Bihar Weather: मानसून का कहर बरकरार, बिहार के 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, आंधी-पानी -वज्रपात का खतरा

Bihar weather:मौसम विभाग ने सूबे के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। खास तौर पर पूर्वी बिहार के जिलों में मौसम के ज्यादा बिगड़ने की आशंका जताई गई है।...

मानसून का कहर बरकरार- फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Weather:  आज यानी 3 सितंबर 2026 को बिहार में मानसून का मिजाज एक बार फिर तल्ख नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने सूबे के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। खास तौर पर पूर्वी बिहार के जिलों में मौसम के ज्यादा बिगड़ने की आशंका जताई गई है।

सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और आंधी-तूफान की स्थिति पैदा हो सकती है। मौसम के इस तल्ख तेवर से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

राजधानी पटना में भी आसमान पर बादलों का डेरा रहेगा। शहर और आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक बिहार में मौसम के पूरी तरह साफ होने के आसार कम हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक 3 और 4 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 5 सितंबर तक बारिश और वज्रपात का सिलसिला कायम रहने का अनुमान है। इसके बाद बारिश की शिद्दत में धीरे-धीरे कमी आ सकती है, लेकिन स्थानीय स्तर पर बरसात जारी रहने की संभावना बनी रहेगी।

वहीं पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी बिहार के पश्चिम चंपारण, सीवान, बक्सर, रोहतास, भागलपुर और जमुई समेत कई जिलों में येलो अलर्ट है। इन इलाकों में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की आशंका है।प्रशासन और आम लोगों को खराब मौसम के दौरान एहतियात बरतने की जरूरत है। खासकर वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहना मुफीद रहेगा।