Bihar Weather: बिहार में आज गरज चमक के साथ होगी झमाझम बारिश, इन जिलों के लिए अलर्ट जारी, बच के रहें !

Bihar Weather: बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कई जगहों पर बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 3-4 दिनों तक अधिकांश हिस्सों में बारिश- आंधी देखने को मिल सकता है।

इन जिलों के लिए अलर्ट जारी - फोटो : AI Image

Bihar Weather:  बिहार के अधिकांश जिलों में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं 

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं के संयुक्त प्रभाव से राज्य में अनुकूल मौसमी परिस्थितियां बन रही हैं। इसके असर से अगले तीन से चार दिनों तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में बारिश, वज्रपात, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। खासतौर पर 8 और 9 अप्रैल को मौसम की सक्रियता अधिक रहने की संभावना है।

सोमवार को इन इलाकों में हुई बारिश 

सोमवार को गया, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा, जमुई, मुंगेर, बांका और शेखपुरा के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान भभुआ में राज्य का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और मधुबनी में न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी पटना में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 34.4 और न्यूनतम 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान में 0.8 और न्यूनतम में 1.2 डिग्री की कमी आई। 

कैसा रहेगा मौसम का हाल 

वहीं, मंगलवार को भी पटना में आंशिक बादल छाए रहने के साथ एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग की माने तो अगले चार दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी-तूफान और वज्रपात का खतरा बना रहेगा। कई जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी आशंका है। मौसम में आए इस बदलाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है।

मौसम में बदलाव की वजह

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ठंडी और नमी युक्त हवाएं ला रहा है। वहीं बंगाल की खाड़ी से उठ रही नम हवाएं बिहार की ओर बढ़ रही हैं। इसके अलावा ओडिशा के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम और अधिक अस्थिर हो गया है, जिससे बारिश और आंधी की स्थिति बन रही है।