Bihar Weather: अप्रैल में ही गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, इन जिलों में लू का अलर्ट, जानिए कब से होगी बारिश

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए भीषण अलर्ट जारी किया है। अप्रैल में ही जून जैसे हालत हो गए हैं।

कई जिलों में लू का अलर्ट - फोटो : AI Image

Bihar Weather: बिहार सहित देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। दोपहर में चिलचिलाती धूप और रात में उमस लोगों के लिए परेशानी खड़ा कर रहा है। बिहार, झारखंड समेत उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में तापमान रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गया है, जिससे हालात जून जैसी गर्मी के हो गए हैं। अप्रैल में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 

40 पार पहुंचा तापमान 

प्रदेश में गर्मी ने विकराल रूप ले लिया है। गया राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी पटना समेत कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रहेगी। हालांकि 24 और 25 अप्रैल को पटना सहित कुछ जिलों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। भीषण गर्मी का असर जन-जीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। 

2 दिनों तक लू की चेतावनी 

दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर रहा है और खेती-किसानी से लेकर रोजमर्रा के कामकाज तक प्रभावित हो रहे हैं। खासकर मजदूर वर्ग को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के दक्षिण-पश्चिम हिस्सों बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, मोतिहारी, भागलपुर, शेखपुरा और अरवल जिलों में अगले दो दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं राज्य के करीब 20 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने का अनुमान है।

अप्रैल में ही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी 

पिछले वर्ष की तुलना में इस बार गर्मी ने पहले ही दस्तक दे दी है। जहां 2025 में अप्रैल के अंतिम सप्ताह में लू चली थी, वहीं इस वर्ष तीसरे सप्ताह में ही लू का असर दिखने लगा है और तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसका असर बिहार के मौसम पर भी पड़ेगा। 24 अप्रैल से उत्तर बिहार में आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना है, जबकि दक्षिण बिहार में गर्मी का प्रकोप जारी रह सकता है।