सावधान बिहार! बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बरसेगा पानी, गया-बक्सर समेत 10 जिलों में येलो अलर्ट, पटना में होगा झमाझम बारिश

Bihar Weather: बिहार में आसमान में मंडरा रहे बादल अब जमकर बरसने को बेकरार हैं।सूबे के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है।

बिहार में आज बदलेगा मौसम का मिजाज- फोटो : social Media

Bihar Weather:बिहार में मानसून ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम का मिजाज अचानक तल्ख हो गया है और आसमान में मंडरा रहे बादल अब जमकर बरसने को बेकरार हैं। आज यानी मंगलवार को सूबे के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। बिहार मौसम सेवा केंद्र ने भारी बारिश के साथ आंधी, गरज-चमक और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की दरकार है, क्योंकि अगले कुछ दिनों तक मौसम का यह बदला हुआ तेवर कायम रह सकता है।

राजधानी पटना में भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। आज यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। सुबह से हीं बादलों का घेरा है,वहीं बीते दिन पटना समेत कई इलाकों में बूंदाबांदी से लेकर हल्की और मध्यम बारिश दर्ज की गई थी। अब बिहार मौसम सेवा केंद्र ने आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार बढ़ने के संकेत दिए हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी 18 अगस्त को बिहार के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 19 और 20 अगस्त को भी सूबे के अलग-अलग इलाकों में जोरदार बारिश हो सकती है। बारिश के साथ आसमान में बिजली की कड़कड़ाहट और बादलों की गड़गड़ाहट लोगों को परेशान कर सकती है। कई इलाकों में 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आज औरंगाबाद, भभुआ यानी कैमूर, गया, बक्सर, जहानाबाद, नवादा और रोहतास समेत कई जिलों में मौसम को लेकर खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। इसके अलावा सारण, सीवान और वैशाली में भी बारिश के आसार हैं। उत्तर बिहार से लेकर मध्य और दक्षिण बिहार तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई जगहों पर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।वहीं गया और बक्सर समेत दक्षिण बिहार के जिलों में मौसम अधिक खतरनाक करवट ले सकता है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, पेड़ या बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी जाती है।

बिहार मौसम सेवा केंद्र  के मुताबिक 19 और 20 अगस्त को बिहार के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तर बिहार के साथ-साथ मध्य और दक्षिण बिहार के जिलों में भी बारिश होने की उम्मीद है। कहीं तेज बौछारें पड़ सकती हैं तो कहीं मूसलाधार बारिश आफत बन सकती है।हालांकि 21 अगस्त से भारी बारिश का खतरा कुछ कम होने की उम्मीद है, लेकिन मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा। गरज-चमक और वज्रपात की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इसके बाद 22 और 23 अगस्त को भी आंधी, गरज और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

यानी अगले छह दिनों तक बिहार के आसमान से बादलों की रुखसती के आसार कम हैं। मौसम का यह सिलसिला कहीं राहत की फुहार लेकर आएगा तो कहीं आफत की बारिश बन सकता है। ऐसे में बारिश के दौरान बेवजह घर से बाहर निकलने से बचें और वज्रपात के समय पूरी एहतियात बरतें।