Bihar Weather: उमस के बाद अब झमाझम बारिश की बारी, बिहार के 24 जिलों में अलर्ट, मुजफ्फरपुर से भागलपुर तक बदला मौसम, कई जिलों में वज्रपात का खतरा
Bihar Weather: बिहार मौसम सेवा केंद्र के ने राज्य के 24 जिलों में आंधी, मेघगर्जन, वज्रपात और झमाझम बारिश का अलर्ट जारी करते हुए 12 जुलाई तक भारी बारिश का रेड अलर्ट घोषित किया है।
Bihar Weather: बिहार में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मानसून ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। तीन सप्ताह तक गर्मी और उमस से बेहाल रहे लोगों को अब राहत मिलने के आसार हैं। बिहार मौसम सेवा केंद्र के ने राज्य के 24 जिलों में आंधी, मेघगर्जन, वज्रपात और झमाझम बारिश का अलर्ट जारी करते हुए 12 जुलाई तक भारी बारिश का रेड अलर्ट घोषित किया है। अगले 48 घंटों के दौरान कई इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मुजफ्फरपुर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने करवट ली है। पिछले तीन दिनों में जिले में औसतन 13.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों तक धूप-छांव के बीच हल्की बारिश होती रहेगी, जबकि इसके बाद तीन दिनों तक गरज-चमक, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ जोरदार बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
उधर, भागलपुर में भी मानसून की सक्रियता बढ़ने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। जिले में 0.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है और सुबह का मौसम काफी सुहावना रहा। शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश ने तापमान को नीचे लाकर लोगों को राहत पहुंचाई।
बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक 8 से 12 जुलाई के बीच दक्षिण बिहार के जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक, आंधी और हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं उत्तर और पूर्वी बिहार के अधिकांश हिस्सों में भी तेज बारिश और वज्रपात की आशंका है।
बिहार मौसम सेवा केंद्र के ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, सारण, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज समेत दो दर्जन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
बिहार मौसम सेवा केंद्र का कहना है कि अगले दो दिनों तक उमस बनी रह सकती है, लेकिन इसके बाद मानसून और मजबूत होगा। तेज बारिश के साथ प्रदेश में गर्मी का सितम टूटेगा और मौसम पूरी तरह सुहावना होने की उम्मीद है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।