Bihar Weather: बिहार में होली से पहले ही 'जल' उठा पारा! 35 डिग्री ने तोड़ा रिकॉर्ड, मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी

Bihar Weather: बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। फरवरी अंत में ही तापमान 35 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सख्त चेतावनी दी है। माना जा रहा है कि मार्च में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।

गर्मी करेगा हाल बेहाल - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather: होली से पहले ही गर्मी का कहर शुरू हो गया है। समय से पहले बसंत की विदाई और 35°C तक पहुँचते पारे ने विशेषज्ञों को भी हैरान कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो ड्राई हीट और लू जैसी स्थितियों के बीच इस बार का त्योहार मनाया जाएगा। तापमान में लगातार बढ़ोतरी जारी है। बीते एक महीने में दिन के तापमान में करीब 12 डिग्री सेल्सियस की उछाल दर्ज की गई है।

कई जिलों में ड्राई हीट का असर 

पटना समेत पूरे बिहार में इन दिनों शुष्क गर्मी यानी ड्राई हीट का असर देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दिन और रात के तापमान में अभी 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी की संभावना है। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि इस बार गर्मी सामान्य से पहले और अधिक तीखी पड़ सकती है।

फरवरी से मार्च के बीच तापमान में तेज उछाल

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक फरवरी की शुरुआत में अधिकतम तापमान 19 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच था, जो अब कई जिलों में 29 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राजधानी पटना सहित दक्षिण और मध्य बिहार में सबसे अधिक गर्मी महसूस की जा रही है। पटना में बीते एक महीने में दिन का तापमान 21.8 डिग्री से बढ़कर 32.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, यानी करीब 12 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। 

अब रात में बढ़ेगी तापमान 

इसी तरह मुजफ्फरपुर में अधिकतम तापमान 21 डिग्री से बढ़कर 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों में भी इसी तरह तापमान में वृद्धि देखी जा रही है। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। फरवरी में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री से बढ़कर 12.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। सुबह और शाम की ठंडक अब अंतिम चरण में नजर आ रही है।

ड्राई हीट का असर, पछुआ हवा बनी वजह

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इन दिनों राज्य में पछुआ हवा की रफ्तार तेज है, जबकि वातावरण में नमी का स्तर कम बना हुआ है। साफ आसमान के कारण धूप सीधे जमीन को गर्म कर रही है, जिससे तापमान तेजी से बढ़ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ भी इस समय कमजोर स्थिति में है, जिसके चलते ठंडक देने वाली प्रणालियां सक्रिय नहीं हैं। 

मार्च में 40 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान 

फरवरी के अंतिम दिन कैमूर में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकांश जिलों में पारा 30 से 35 डिग्री के बीच रहा। यदि यही स्थिति बनी रही तो मार्च के पहले सप्ताह में ही कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।