Bihar Weather: बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज, सीमांचल समेत 9 जिलों में यलो अलर्ट

Bihar Weather: आगामी 12 से 16 सितंबर के बीच बिहार के मौसम के मिजाज में बदलाव के आसार हैं।...

बदलेगा मौसम का मिजाज- फोटो : social Media

Bihar Weather: आगामी 12 से 16 सितंबर के बीच बिहार के मौसम के मिजाज में बदलाव के आसार हैं। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक इस दौरान राज्य में मुख्य रूप से पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलेंगी। हवा की औसत रफ्तार करीब 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। मौसम में बदलाव के बीच दक्षिण-पूर्व और सीमांचल इलाके के 9 जिलों में हल्की बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है।

राजधानी पटना में फिलहाल मौसम का रुख गर्म और उमस भरा रहने के आसार हैं। दिन के वक्त तेज धूप खिली रहेगी, जिससे लोगों को उमस और गर्मी की तपिश परेशान कर सकती है। हालांकि शाम ढलने के साथ आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है और मौसम करवट ले सकता है। हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों के दौरान राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा फेरबदल होने की उम्मीद नहीं है। वहीं, अगले 5 दिनों तक न्यूनतम तापमान भी सामान्य तौर पर स्थिर रह सकता है। इसके बावजूद अलग-अलग इलाकों में हल्की वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर बारिश की संभावना वाले इलाकों में लोगों को बदलते मौसम पर नजर रखने और जरूरी एहतियात बरतने की जरूरत है। कुल मिलाकर अगले कुछ दिनों में धूप, उमस, बादल और हल्की बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है।