Bihar Weather: बिहार के मौसम ने ली करवट, अब रजाई को कर दीजिए बाय-बाय, पसीने से तर-बतर होने के लिए रहे तैयार, 31 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
Bihar Weather: बिहार में मौसम का मिजाज अब पूरी तरह से बदल चुका है। फरवरी का महीना अभी आधा ही बीता है कि बसंत की गुलाबी ठंड अब पसीने वाली गर्मी में तब्दील होने लगी है। राज्य के कई जिलों में पारा 31°C के पार पहुँच गया है।
Bihar Weather: बिहार में अब ठंड विदाई लेने लगी है। सुबह-शाम में हल्की ठंडक और दिन में सुहानी धूप के बीच मौसम करवट ले रहा है। खेतों में लहलहाते गेहूं और पीली सरसों के बीच मौसम का मिजाज भी खुशनुमा बना हुआ है, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी सर्दी की विदाई का संकेत दे रही है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। राजधानी पटना में भी दिन का तापमान 28°C दर्ज किया गया है और लोग धीमी रफ्तार से पंखे चलाने लगे हैं। फिलहाल फरवरी के अंतिम दिनों तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है। घना कोहरा और बारिश के कोई आसार नहीं हैं।
होली के बाद बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग की मानें तो दिन और रात, दोनों के तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। यदि यही रुझान जारी रहा तो होली के बाद रात का तापमान भी काफी बढ़ जाएगा और अधिकांश इलाकों में रजाई या भारी कंबल की जरूरत खत्म हो सकती है। हालांकि फरवरी के अंत तक सुबह की हल्की ठंडक बनी रह सकती है, इसलिए पूरी तरह गर्म कपड़ों से छुटकारा पाने में अभी कुछ दिन लग सकते हैं।
इन जिलों में चढ़ा पारा
सोमवार को राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान कैमूर में 31.1°C दर्ज किया गया। शेखपुरा में 29.8°C, सुपौल में 29.4°C, जबकि खगड़िया और डेहरी में 29.2°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 27°C से 32°C के बीच बना हुआ है। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। बांका में न्यूनतम तापमान 18.6°C दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.6°C सबौर में रिकॉर्ड हुआ।
जल्द हो जाएगी ठंड की विदाई
दोपहर की चिलचिलाती धूप ने लोगों को अभी से पंखे चलाने पर मजबूर कर दिया है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो इस बार ठंड की विदाई उम्मीद से जल्दी हो रही है। जानकारों का कहना है कि होली का त्योहार आते-आते राज्य से सर्दियों का नामोनिशान मिट जाएगा और भारी भरकम रजाई-कंबलों को अलमारी में कैद करने का वक्त आ जाएगा। हालांकि इस बार गर्मी से हाल बेहाल होने की भी संभावनाएं हैं। गर्मी कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ सकती है।