Bihar Weather: बिहार बना तंदूर!पटना में उमस से बेहाल लोग, 6 जिलों में हीट वेव का अलर्ट, 5 जिलों में बारिश की चेतावनी , घर से नहीं निकलने की सलाह

Bihar Weather: गर्मी ने बिहार में नया इतिहास लिख दिया है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर होते ही सड़कें सूनी पड़ जा रही हैं और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं।....

बिहार बना तंदूर!- फोटो : X

Bihar Weather: बिहार में मौसम इस वक्त दो अलग-अलग रंग दिखा रहा है। एक तरफ सीमांचल और आसपास के इलाकों में पुरवा हवाओं और बादलों की आवाजाही ने लोगों को तपिश से कुछ राहत दी है, तो दूसरी तरफ पछुआ हवाओं के असर से कई जिले भीषण गर्मी की चपेट में हैं।इस बार मई की गर्मी ने बिहार में नया इतिहास लिख दिया है।  हालात ऐसे हैं कि दोपहर होते ही सड़कें सूनी पड़ जा रही हैं और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं।रोहतास का डेहरी शनिवार को 45.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यह सिर्फ इस सीजन का नहीं, बल्कि पिछले 14 वर्षों में मई महीने का सबसे ज्यादा तापमान बताया जा रहा है। इससे पहले 22 मई को राज्य का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। लगातार बढ़ती गर्मी ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 4 जिलों में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 5 जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग के मुताबिक इन इलाकों में तेज गरज के साथ बिजली गिरने और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि बिहार में फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। कई जिलों में आंधी, बारिश और तेज हवा का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। हालांकि दक्षिण बिहार और पटना के लोगों को अभी गर्मी से ज्यादा राहत मिलने के आसार कम हैं।

राजधानी पटना में 23 से 27 मई तक अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 26 और 27 मई को आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन फिलहाल अच्छी बारिश की उम्मीद कम है।

शनिवार को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिहार के 13 जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। हालांकि शाम होते-होते सुपौल, सीतामढ़ी, किशनगंज और अररिया में मौसम ने करवट ली। तेज हवा और झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण उमस और गर्मी से राहत पहुंचाई।