बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र: पांच दिनों में सम्राट सरकार की परीक्षा, तेजस्वी की बड़ी तैयारी
बिहार विधानसभा और विधान परिषद का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक चलेगा। कुल पांच बैठकें होंगी। दोनों सदनों की कार्यवाही प्रतिदिन सुबह 11 बजे शुरू होगी।
Bihar Winter Session 2026 : बिहार की सियासी पारी में सत्ता और विपक्ष एक बार फिर आमने-सामने होंगे। 30 नवंबर से बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र शुरू होने जा रहा है। पांच दिनों तक चलने वाले इस सत्र में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार के सामने जहां अपना विधायी एजेंडा और अनुपूरक बजट पारित कराने की चुनौती होगी, वहीं विपक्ष कानून-व्यवस्था, रोजगार और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में सदन में बहस के साथ सियासी तल्खी भी देखने को मिल सकती है।
पांच दिन, पांच बैठकें जानिए पूरा कार्यक्रम
बिहार विधानसभा और विधान परिषद का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक चलेगा। कुल पांच बैठकें होंगी। दोनों सदनों की कार्यवाही प्रतिदिन सुबह 11 बजे शुरू होगी। 30 नवंबर: सत्र की शुरुआत, अध्यादेशों की प्रतियां सदन में रखना, द्वितीय अनुपूरक बजट पेश करना और शोक प्रकाश। 1 दिसंबर: राजकीय विधेयक और सरकारी कामकाज। 2 दिसंबर: राजकीय विधेयक और अन्य सरकारी कार्य। 3 दिसंबर: द्वितीय अनुपूरक बजट पर चर्चा, मतदान और विनियोग विधेयक। 4 दिसंबर: गैर-सरकारी सदस्यों के संकल्प और सत्र का समापन। इस सत्र का सबसे महत्वपूर्ण वित्तीय एजेंडा वित्तीय वर्ष 2026-27 का द्वितीय अनुपूरक बजट होगा। 3 दिसंबर को इस पर चर्चा और मतदान होना है।
किन मुद्दों पर सरकार को घेरेगा विपक्ष?
1. कानून-व्यवस्था पर होगी घेराबंदी
बिहार में आपराधिक घटनाएं और भ्रष्टाचार विपक्ष के प्रमुख मुद्दे रहेंगे। विपक्ष सरकार से अपराध नियंत्रण, पुलिस की कार्रवाई और प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल पूछ सकता है। सरकार को इन मुद्दों पर अपना पक्ष मजबूती से रखना होगा।
2. नीतीश सेतु के नामकरण पर विवाद
गंगा पर बने नीतीश सेतु के नामकरण का मुद्दा भी सदन में उठ सकता है। विपक्ष इस फैसले पर सवाल खड़े कर सकता है। यह मामला विकास परियोजना से आगे बढ़कर राजनीतिक और सामाजिक बहस का रूप ले सकता है।
3. MLC के भाजपा में शामिल होने का मामला
निर्दलीय विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के भाजपा में शामिल होने का मुद्दा भी विपक्ष उठा सकता है। सदस्यता और दल-बदल से जुड़े सवालों पर सत्ता पक्ष को जवाब देना पड़ सकता है।
4. अशोक चौधरी से जुड़ा लाभ के पद का विवाद
मंत्री अशोक चौधरी के प्रोफेसर पद को लेकर उठ रहे सवाल भी सदन में गूंज सकते हैं। विपक्ष नियमों और उनकी संवैधानिक स्थिति पर सरकार से स्पष्टीकरण मांग सकता है। हालांकि उन्होंने अब प्रोफेसर का पद छोड़ दिया है।
5. रोजगार, पलायन और शिक्षा-स्वास्थ्य
बेरोजगारी, युवाओं को नौकरी, भर्ती प्रक्रिया, पलायन, किसानों की समस्याएं और शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था भी बहस के केंद्र में रह सकती हैं। इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने की विपक्ष की कोशिश होगी।
सम्राट चौधरी बनाम तेजस्वी यादव पर नजर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लिए यह सत्र अपनी सरकार की प्राथमिकताएं बताने और विपक्ष के सवालों का जवाब देने का मौका होगा। वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सामने विपक्ष को एकजुट रखते हुए सरकार को घेरने की चुनौती होगी।