पटना में दिनदहाड़े अपराधियों का तांडव, हथियार के बल पर बाइक लूटी, हवाई फायरिंग से दहश़त
पटना के आईआईटी अमहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहटा-कनपा मुख्य मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों को अज्ञात अपराधियों ने बीच सड़क पर रोक लिया और विरोध करने पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की। इसके बाद अपराधी युवकों की बाइक छीनकर मौके से फरार हो गए।
पटना के आईआईटी अमहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहटा-कनपा मुख्य मार्ग पर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहाँ तरवन ग्राम के पास बेखौफ अपराधियों ने हथियार के बल पर लूटपाट की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो युवकों को अज्ञात अपराधियों ने बीच सड़क पर रोक लिया और विरोध करने पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की। इसके बाद अपराधी युवकों की बाइक छीनकर मौके से फरार हो गए।
दहशत का माहौल: पुलिस ने बरामद किया खोखा
लूट और फायरिंग की इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आईआईटी अमहारा थाना की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। छानबीन के दौरान पुलिस ने मौके से एक गोली का खोखा बरामद किया है, जो अपराधियों द्वारा की गई हवाई फायरिंग की पुष्टि करता है। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक नेउरा क्षेत्र के रहने वाले हैं। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में काफी भय का माहौल देखा जा रहा है।
एसडीपीओ की पुष्टि: अपराधियों की धरपकड़ तेज
घटना की पुष्टि करते हुए दानापुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि तरवन गाँव के पास बाइक सवार युवकों को हथियार का डर दिखाकर और फायरिंग कर बाइक छीनी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्रिय है। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास का मुआयना किया है और पीड़ित युवकों के बयान के आधार पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
सीसीटीवी से पहचान की कोशिश, छापेमारी जारी
अपराधियों तक पहुँचने के लिए पुलिस अब वैज्ञानिक साक्ष्यों का सहारा ले रही है। पुलिस टीम बिहटा-कनपा रोड और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों के भागने के रूट और उनकी पहचान का सुराग मिल सके। एसडीपीओ ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही इस मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।