India Alliance Protest Bikram: गूंजा 'ईवीएम हटाओ, बैलेट लाओ', इंडिया गठबंधन ने फूंका चुनाव आयुक्त, पीएम और गृह मंत्री का पुतला

पटना के विक्रम में इंडिया गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और ईवीएम हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पीएम, गृह मंत्री और चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की।

बिक्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन का जोरदार प्रदर्शन और विरोध म- फोटो : Reporter

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और ईवीएम हटाने की मांग को लेकर विक्रम में इंडिया गठबंधन के घटक दलों द्वारा एक विशाल विरोध मार्च और पुतला दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाकपा माले, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, सीपीआई और सीपीएम के कार्यकर्ताओं ने नया पुल के पास से इंडिया गठबंधन के बैनर तले जुलूस निकाला। यह मार्च "वोट चोर गद्दार ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो", "गैर-संवैधानिक चुनाव आयोग को भंग करो" और "ईवीएम हटाओ, बैलेट पेपर लाओ" जैसे जोरदार नारों के साथ प्रखंड मुख्यालय होते हुए विक्रम के शहीद चौक तक पहुंचा।


मुख्य चुनाव आयुक्त, पीएम और गृह मंत्री का पुतला फूंका

शहीद चौक पर विरोध मार्च के पहुंचने के बाद गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने एक उग्र सभा का आयोजन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का बारी-बारी से पुतला दहन किया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाकपा माले के प्रखंड सचिव मंटू यादव, राजद के प्रखंड अध्यक्ष दिलीप यादव, सीपीआई के लवकुश शर्मा और सीपीएम के टुनटुन वर्मा सहित गठबंधन के कई वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त रूप से किया।

देश भर में आंदोलन और बैलेट पेपर से चुनाव की मांग

पुतला दहन के उपरांत आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि आज पूरे देश में इंडिया गठबंधन द्वारा निष्पक्ष चुनाव प्रणाली की रक्षा के लिए प्रदर्शन किया जा रहा है। वक्ताओं ने चुनाव आयोग के कामकाज की निंदा करते हुए बिहार और पश्चिम बंगाल में दोबारा चुनाव कराने की मांग रखी। माले नेता कॉमरेड शंकर पासवान ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर इसके खिलाफ लगातार आंदोलन जारी है और दिल्ली पुलिस मुख्य चुनाव आयुक्त को बचाने का प्रयास कर रही है, लेकिन जब तक उनका इस्तीफा नहीं हो जाता, तब तक यह लड़ाई गांव-टोले और मोहल्लों तक चलाई जाएगी।

बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट