बिक्रम नगर पंचायत: सशक्त स्थाई कमेटी का चुनाव संपन्न, 3 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित

पटना के बिक्रम नगर पंचायत की सशक्त स्थाई कमेटी का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न। तीन पदों के लिए आए सिर्फ तीन नामांकन, सभी प्रत्याशी निर्विरोध घोषित। नवनिर्वाचित सदस्यों को मिले प्रमाण पत्र।

बिक्रम नगर पंचायत के सशक्त स्थाई कमेटी का चुनाव संपन्न- फोटो : Reporter

पटना जिले के बिक्रम नगर पंचायत के सशक्त स्थाई कमेटी के गठन को लेकर शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय में चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में संपन्न हुई। चुनाव को लेकर सुबह आठ बजे से ही प्रशासनिक सरगर्मी तेज हो गई थी। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए भूमि उपसमाहर्ता सह निर्वाची पदाधिकारी जनक कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही मजिस्ट्रेट के रूप में आपूर्ति पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार सुमन और प्रवेक्षक रविंद कुमार दिवाकर भी मौके पर पूरी तरह मुस्तैद दिखे।

वार्ड पार्षदों की उपस्थिति और चुनावी गणित

इस महत्वपूर्ण चुनाव में कुल 14 वार्डों में से एक वार्ड रिक्त होने के कारण 13 वार्ड सदस्यों को भाग लेना था, जिसमें से कुल 9 वार्ड पार्षदों ने सुबह करीब 8:30 बजे प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उपस्थित होने वाले सदस्यों में वार्ड 1 से रुचि शर्मा, वार्ड 2 से संतोष कुमार, वार्ड 3 से रेणु कुमारी, वार्ड 6 से स्मिता गुप्ता, वार्ड 7 से अभिजीत उर्फ रिशु, वार्ड 9 से ओम चौधरी, वार्ड 10 से मोहन मोची, वार्ड 11 से फुलझरिया देवी और वार्ड 13 से बैजनाथ पासवान शामिल रहे।

तीन नामांकन और निर्विरोध निर्वाचन का फैसला

सशक्त कमेटी के तीन पदों के लिए चुनावी प्रक्रिया के दौरान केवल तीन सदस्यों ने ही अपने नामांकन पर्चे दाखिल किए। इसमें पद संख्या 01 के लिए वार्ड 6 से स्मिता गुप्ता, पद संख्या 02 के लिए वार्ड 11 से फुलझरिया देवी और पद संख्या 03 के लिए वार्ड 13 से बैजनाथ पासवान ने अपना दावा पेश किया। निर्धारित समय सीमा तक किसी अन्य सदस्य द्वारा पर्चा दाखिल न किए जाने और सिंगल नामांकन होने के कारण निर्वाची पदाधिकारी ने संवीक्षा के बाद इन तीनों ही प्रत्याशियों को निर्विरोध विजयी घोषित कर दिया।

प्रमाण पत्र वितरण और समर्थकों में जश्न का माहौल

चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा के तुरंत बाद निर्वाची पदाधिकारी सह भूमि उपसमाहर्ता जनक कुमार ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इस निर्विरोध निर्वाचन की खबर मिलते ही प्रखंड मुख्यालय के बाहर मौजूद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों और साथी वार्ड सदस्यों ने नवनिर्वाचित कमेटी सदस्यों को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर इस शानदार जीत की बधाई दी तथा क्षेत्र के विकास का संकल्प दोहराया।

रिपोर्ट - ऋषिकेश कुमार