बिक्रम और पालीगंज में प्रदर्शनकारियों की कोशिश नाकाम, पुलिस की मुस्तैदी से जल्द बहाल हुआ यातायात
बिहार बंद के दौरान बिक्रम में SH-2 बिहटा-पालीगंज सड़क मार्ग जाम करने की कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दियापालीगंज एसडीएम, एसडीपीओ और बिक्रम पुलिस की सूझबूझ से यातायात तुरंत बहाल करा दिया गया। हर चौक-चौराहे पर तैनात भारी पुलिस बल की बदौलत इलाके में.....
बिहार बंद के आह्वान के दौरान बिक्रम में भाकपा (माले) से जुड़े प्रदर्शनकारियों ने SH-2 बिहटा-पालीगंज सड़क मार्ग को जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू की। हालांकि, बिक्रम थाना पुलिस और पालीगंज सीडीपीओ-2 पंकज कुमार शर्मा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर मोर्चा संभाल लिया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को कानून हाथ में न लेने की सलाह दी और बेहद सूझबूझ व समझाइश से शांत कराकर सभी को वापस भेज दिया।
पुलिस प्रशासन के कड़े इंतजाम से आम जनता को राहत
बिक्रम पुलिस की त्वरित और कुशल कार्रवाई के कारण सड़क मार्ग पर यातायात कुछ ही देर में पूरी तरह सामान्य हो गया, जिससे आम यात्रियों को किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाए रखने के लिए हर चौक-चौराहे पर पुलिस मुस्तैद रही। महिला पुलिस पदाधिकारी गुड़िया कुमारी और काजल कुमारी के साथ-साथ राजेश कुमार, गोरे लाल और भारी संख्या में पुलिस बल ने पूरी सतर्कता के साथ मोर्चा संभाले रखा।
पालीगंज बना छावनी, एसडीएम और एसडीपीओ के नेतृत्व में कड़ा पहरा
उधर, पालीगंज क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए एसडीएम चंदन कुमार, एसडीपीओ-1 राजीव चंद्र सिंह, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी ने पूरे दलबल के साथ कमान संभाली। प्रशासन ने एक दिन पहले ही शहर में फ्लैग मार्च निकालकर उपद्रवियों को सख्त संदेश दे दिया था। बंद के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था, जिससे प्रदर्शनकारी अधिक देर टिक नहीं सके और इलाके में शांति व्यवस्था बनी रही।
विधायक और मुखिया हिरासत में, अलर्ट पर रही सुरक्षा एजेंसियां
इससे पहले छात्र आंदोलन और पेपर लीक मामले से जुड़े घटनाक्रम में पुलिस ने पालीगंज से भाकपा (माले) विधायक संदीप सौरभ को उनके आवास से हिरासत में लिया। साथ ही कल्याणपुर-पैपुरा पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ अध्यक्ष आनंद कुमार को भी गिरफ्तार किया गया। इस राजनीतिक सरगर्मी के बावजूद, पटना जिला पुलिस की सटीक रणनीति और मुस्तैदी के चलते पूरे बिक्रम और पालीगंज क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।
बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट