राशन कार्ड में नाम कट गया है? बिक्रम SDO ने बताया प्रपत्र 'क' और 'ख' से कैसे जुड़वाएं नाम,जानें पूरा नियम
पटना के बिक्रम में स्मार्ट राशन कार्ड को लेकर अहम बैठक,SDO चंदन कुमार ने दिए सख्त निर्देश—डीलरों की लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त। नया राशन कार्ड बनवाने के लिए प्रपत्र 'क' और नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र 'ख' में करें आवेदन।
पटना जिला के बिक्रम नगर पंचायत भवन के सभागार में बुधवार को स्मार्ट राशन कार्ड एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य राशन कार्ड के नए प्रावधानों की जानकारी देना, पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ना और जनवितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाना था। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) चंदन कुमार की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों, पीडीएस डीलरों और समाजसेवियों ने हिस्सा लिया।
'एक देश-एक राशन कार्ड': प्रपत्र 'क' और 'ख' से जुड़ेंगे नए नाम
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ चंदन कुमार ने बताया कि 'एक देश-एक राशन कार्ड' योजना के तहत स्मार्ट राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जो पात्र परिवार अब तक योजना से वंचित हैं, वे प्रपत्र 'क' भरकर जल्द आवेदन जमा करें ताकि अगले माह से उन्हें खाद्यान्न मिल सके। वहीं, जिन लाभार्थियों का नाम किसी कारणवश कट गया है, वे प्रपत्र 'ख' के माध्यम से दोबारा नाम जुड़वाने के लिए आवेदन दे सकते हैं।
डीलरों को सख्त निर्देश: लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
एसडीओ ने बैठक में मौजूद सभी फेयर प्राइस डीलरों को सख्त हिदायत दी कि वे समय पर अपनी दुकानें खोलें और प्रत्येक लाभार्थी को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राशन वितरण में किसी भी तरह की धांधली या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही, जनप्रतिनिधियों और डीलरों से अपील की गई कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें ताकि अधिक से अधिक गरीब परिवारों को इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ मिल सके।
बैठक में कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य पार्षद मनीता कुमारी, जिला सहायक आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप झा, आपूर्ति पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार सुमन, लिपिक संतोष कुमार और टैक्स दरोगा मंटू कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा वार्ड पार्षद स्मिता गुप्ता, संतोष कुमार, अभिनव कुमार, डब्बू वर्मा, छोटन तिवारी, अमित कुमार और डीलर अखिलेश रजक, नीरज कुमार, विश्वनाथ प्रसाद, दिनेश यादव, बीरेन्द्र सिंह, रामबली साह व राम अयोध्या प्रसाद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व डीलर उपस्थित थे।
बिक्रम से ऋषिकेश कुमार की रिपोर्ट