Patna Bird Flu: सावधान, पटना के पोल्ट्री फार्म पर फिर मंडराया बर्ड फ्लू का खतरा, बढ़ी चिंता

Patna Bird Flu: पटना के पोल्ट्री फार्म में अभी कारोबार पूरी तरह संभला भी नहीं था कि बर्ड फ्लू के नए खतरे ने फिर से चिंता बढ़ा दी है। ...

पोल्ट्री फार्म पर फिर मंडराया बर्ड फ्लू का खतरा- फोटो : X

Patna Bird Flu: पटना के पोल्ट्री फार्म में अभी कारोबार पूरी तरह संभला भी नहीं था कि बर्ड फ्लू के नए खतरे ने फिर से चिंता बढ़ा दी है। फरवरी में संक्रमण की वजह से हजारों मुर्गे-मुर्गियों को मारना पड़ा था। कई महीनों तक बंद रहने के बाद बड़ी मुश्किल से अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में फार्मिंग का काम दोबारा शुरू हुआ था। किशनगंज से 400 चूजे मंगाए गए, जबकि कटक से अंडों की खेप पहुंची। अब बिहारशरीफ में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद पटना के चितकोहरा स्थित कौशल नगर पोल्ट्री अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

फार्म प्रबंधन के सामने इस समय सबसे बड़ी चुनौती नए चूजों और अंडों को संक्रमण से बचाने की है। अंडों से चूजे निकलने की प्रक्रिया जारी है और धीरे-धीरे फार्म का कामकाज पटरी पर लौट रहा था। ऐसे में आसपास बर्ड फ्लू के मामले सामने आने से एक बार फिर पुरानी मुश्किलें लौटने का डर सताने लगा है।

दरअसल, फरवरी 2026 में इसी पोल्ट्री केंद्र में बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए बड़ी कार्रवाई करनी पड़ी थी। करीब आठ हजार मुर्गे-मुर्गियों को मारकर दफना दिया गया था। इतना ही नहीं, संक्रमित होने की आशंका के चलते अंडों और मुर्गी दाने को भी नष्ट करना पड़ा था। इस कार्रवाई का असर फार्म की गतिविधियों पर लंबे समय तक रहा और पालन का काम पूरी तरह ठप हो गया था।

कई महीनों की बंदी के बाद अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में एक बार फिर उम्मीद जगी। किशनगंज से 400 नए चूजे मंगाकर पालन शुरू किया गया। इसके साथ ही कटक से अंडों की आपूर्ति भी की गई। फार्म में धीरे-धीरे नई गतिविधियां शुरू होने लगीं, लेकिन बिहारशरीफ में बर्ड फ्लू की पुष्टि ने इस कोशिश के सामने नया संकट खड़ा कर दिया है।

संक्रमण की आशंका को देखते हुए फार्म परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। परिसर की नियमित साफ-सफाई के साथ सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। कर्मचारियों को भी विशेष सावधानी बरतने और संक्रमण से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। यहां मौजूद पक्षियों के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

फार्म प्रबंधन की कोशिश है कि किसी भी हालत में संक्रमण परिसर तक नहीं पहुंचे। फरवरी जैसी स्थिति दोबारा पैदा होने से रोकने के लिए हर स्तर पर एहतियात बरती जा रही है। फिलहाल सभी की नजर चूजों और अंडों की सुरक्षा पर टिकी है।