Bihar Politics: बीजेपी के 'चाणक्य' बीएल संतोष पहुंचे पटना, CM को लेकर बढ़ी हलचल, आखिर कहां है सम्राट?
Bihar Politics: बीजेपी संगठन के महामंत्री बीएल संतोष पटना पहुंच गए हैं। पहली बार बिहार में बीजेपी सत्ता में आने वाली है जिसको लेकर सियासी हलचल तेज है।
Bihar Politics: बिहार की राजनीति के लिए आज का दिन अहम माना जा रहा है। बीजेपी कार्यालय सहित पूरे पटना में सियासी गतिविधि जारी है। इसी बीच बीजेपी संगठन के महामंत्री बीएल संतोष पटना पहुंच गए हैं। बीएल संतोष बीजेपी के एक प्रमुख राष्ट्रीय महामंत्री हैं, जो 2019 से इस पद पर कार्यरत हैं। पटना एयरपोर्ट पर उनका स्वागत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी बिहार सरकार के मंत्री मंगल पांडे समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने किया। लेकिन वहां डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मौजूद नहीं रहे।
पटना में सियासी हलचल तेज
जानकारी अनुसार सम्राट चौधरी सुबह सुबह सीएम आवास पहुंचे हैं। सीएम नीतीश और सम्राट चौधरी के बीच मुलाकात जारी है। बता दें कि हाल के दिनों में सीएम पद के लिए रेस में सबसे आगे सम्राट चौधरी थे लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार अब सम्राट चौधरी का नाम रेस से बाहर माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, आज का दिन भाजपा के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री के चेहरे पर अंतिम मुहर लगाई जानी है।
इसको लेकर पार्टी के बड़े नेताओं का पटना पहुंचना लगातार जारी है। बताया जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में होने वाली बैठकों में विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा, जिसके बाद नए मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। ज्ञात हो कि पहली बार बिहार में बीजेपी सत्ता के केंद्र में आने वाली है।