पीएम मोदी के दौरे से पहले बिहार में सियासी हलचल तेज ! पटना पहुंचे नितिन नवीन, 3 दिन तक बैठकों का दौर
नितिन नवीन के दौरे के अगले दो दिन राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। 11 और 12 नवंबर को उनकी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, कोर कमेटी के सदस्यों और एनडीए के सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं के साथ बैठकें हो सकती हैं।
Bihar News : बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय दौरे पर मंगलवार को पटना पहुंचे। उनके इस दौरे में छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेने के साथ पार्टी के संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा भी होगी। नितिन नवीन गंगा नदी के रास्ते विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण करेंगे। वहीं, अगले दो दिनों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ उनकी बैठकें प्रस्तावित हैं। पटना एयरपोर्ट पर बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, कृषि मंत्री विजय सिन्हा, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय सहित पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
स्टीमर से दीघा से गायघाट तक जाएंगे नितिन नवीन
नितिन नवीन मंगलवार दोपहर 3 बजे दीघा के नसरीगंज घाट से स्टीमर के जरिए गायघाट तक गंगा नदी का दौरा करेंगे। इस दौरान वे गंगा किनारे स्थित विभिन्न छठ घाटों पर चल रही तैयारियों का जायजा लेंगे। छठ महापर्व को देखते हुए घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जानकारी लेंगे।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर की गई तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे। छठ के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता, रोशनी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था अहम है।
11 और 12 नवंबर को संगठनात्मक बैठकों पर नजर
नितिन नवीन के दौरे के अगले दो दिन राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। 11 और 12 नवंबर को उनकी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, कोर कमेटी के सदस्यों और एनडीए के सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं के साथ बैठकें हो सकती हैं। इन बैठकों में बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हुए चुनाव के नतीजों की समीक्षा प्रमुख मुद्दा रहने की संभावना है। चुनाव में पार्टी और गठबंधन के प्रदर्शन के साथ संगठन की रणनीति और आगे की राजनीतिक तैयारियों पर भी चर्चा हो सकती है।
प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को लेकर भी अहम है यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इसी महीने बिहार दौरा प्रस्तावित है। ऐसे में नितिन नवीन की पटना यात्रा को आगामी कार्यक्रम की तैयारियों और राज्य में राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन पूर्व राज्यसभा सांसद स्वर्गीय आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि देंगे। इसके साथ ही वे अपने पिता स्वर्गीय नवीन चंद्र सिन्हा की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस तरह उनका तीन दिवसीय दौरा धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों के साथ संगठनात्मक और राजनीतिक गतिविधियों से भी जुड़ा रहेगा।