PM Modi Birthday : पटना हाईकोर्ट में BJP विधि प्रकोष्ठ ने मनाया PM मोदी का जन्मदिन, जलाए गए दीप, बांटी गई मिठाइयां
PM Modi Birthday : 17 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, विधि प्रकोष्ठ (बिहार प्रदेश) द्वारा पटना हाईकोर्ट परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
PATNA : 17 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, विधि प्रकोष्ठ – बिहार प्रदेश द्वारा आज पटना हाईकोर्ट परिसर में दीप प्रज्ज्वलित करके एवं मिठाई वितरण करके जन्मदिवस मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विंध्याचल राय ने किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिवक्ताओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस पर हर्ष एवं उत्साह व्यक्त करते हुए मिठाई एवं लड्डू का वितरण किया। उपस्थित सभी लोगों ने माननीय प्रधानमंत्री जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा राष्ट्रहित में निरंतर सफल नेतृत्व की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों तथा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे सुधारों का उल्लेख किया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र के विकास एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में विधि समुदाय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अधिवक्ताओं को जनहित, विधिक जागरूकता तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
समारोह के दौरान वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में अधिवक्ताओं एवं विधि क्षेत्र की भूमिका पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, आम नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने में अधिवक्ता समुदाय महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
इस अवसर पर विधि प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने तथा विधि एवं न्याय से जुड़े जनहित के विषयों पर प्रभावी ढंग से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। उपस्थित अधिवक्ताओं ने प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस को सेवा, जनजागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ मनाने पर जोर दिया। समारोह में प्रदेश सह-संयोजक मनोज कुमार सिंह, संजय राम, राकेश प्रताप एवं पूनम सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष कृष्ण मुरारी प्रसाद, सह कोषाध्यक्ष संजीव सिन्हा, पटना हाईकोर्ट इकाई के संयोजक सुनील कुमार कर्ण सहित भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ, बिहार प्रदेश के सम्मानित पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।