BPSC TRE-4: पटना में BPSC TRE-4 के अभ्यर्थियों का भारी बवाल, सड़कों पर उतरे छात्र, लगाया गंभीर आरोप, अधिकारी कर रहे सीएम का अपमान

BPSC TRE-4: पटना में बुधवार को एक बार फिर TRE-4 नोटिफिकेशन की मांग को लेकर शिक्षक अभ्यर्थी सड़कों पर उतर आए। पटना कॉलेज परिसर में सुबह से ही अभ्यर्थियों का जुटना शुरू हो गया, जहां सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

पटना की सड़कों पर उतरे अभ्यर्थी - फोटो : reporter

BPSC TRE-4: पटना में TRE-4 नोटिफिकेशन जल्द जारी करने की मांग को लेकर शिक्षक अभ्यर्थी सड़कों पर उतरने वाले हैं। इसी कड़ी में आज पटना यूनिवर्सिटी के पटना कॉलेज परिसर से महा आंदोलन के तहत पैदल मार्च निकाला जाएगा। इस आंदोलन में सैकड़ों की संख्या में शिक्षक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। अभ्यर्थी सरकार और बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) से TRE-4 का नोटिफिकेशन जल्द जारी करने की मांग कर रहे हैं।

इन रास्तों से गुजरेगा मार्च

यह पैदल मार्च पटना कॉलेज से शुरू होकर अशोक राजपथ, भिखना पहाड़ी, नया टोला, बाकरगंज और गांधी मैदान होते हुए बीपीएससी कार्यालय तक जाएगा। अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से TRE-4 की अधिसूचना जारी नहीं होने के कारण उनकी तैयारी और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में वे सरकार पर दबाव बनाने के लिए यह महा आंदोलन कर रहे हैं।

छात्र नेता का आरोप

अभ्यर्थी “हमें हमारा हक दो” और “नीतीश के सम्मान में बेटियां मैदान में” जैसे पोस्टर लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे इंतजार के बावजूद अब तक TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ती जा रही है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता दिलीप ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान लगातार TRE-4 बहाली की बात कर रहे हैं, लेकिन कुछ अधिकारी उनके निर्देशों का पालन नहीं कर रहे। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री के आदेश का अपमान बताया।

2 साल से भर्ती का इंतजार 

अभ्यर्थियों ने BPSC को 17 मार्च की रात तक का अल्टीमेटम दिया था। तय समय तक नोटिफिकेशन जारी नहीं होने पर 18 मार्च को बड़े आंदोलन का ऐलान किया गया, जिसके तहत आज यह प्रदर्शन हो रहा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से इस वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं। सरकार की ओर से अधियाचना भेजे जाने और जल्द नोटिफिकेशन जारी करने के आश्वासन के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

46,595 पदों पर प्रस्तावित भर्ती

TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर नियुक्ति होनी है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा सितंबर 2026 में और परिणाम नवंबर 2026 में जारी होने की संभावना है, हालांकि आधिकारिक अधिसूचना अब तक जारी नहीं हुई है।

पहली बार लागू होगी डोमिसाइल नीति

इस भर्ती में पहली बार डोमिसाइल नीति लागू की जाएगी। कक्षा 1 से 12 तक शिक्षकों की नियुक्ति के साथ SC-ST और पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में भी भर्तियां होंगी। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अभ्यर्थियों के अनुसार, यदि जल्द नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।