Road Accident : नेपाल में भीषण बस हादसा, मनकामना मंदिर से लौट रहे भक्तों की बस खाई में गिरी, 7 भारतीयों की दर्दनाक मौत

7 भारतीय की दर्दनाक मौत - फोटो : social media

Road Accident : पड़ोसी देश नेपाल में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। हादसा गोरखा जिला में शनिवार को उस समय हुआ जब मनकामना मंदिर के दर्शन कर लौट रही एक इलेक्ट्रिक माइक्रो बस अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के मुताबिक, बस में चालक और सह-चालक समेत कुल 16 लोग सवार थे। दुर्घटना शहीद लखन ग्रामीण नगरपालिका-3 स्थित कनटार इलाके के पास हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

7 लोगों की मौत 

पुलिस निरीक्षक राजन लम्साल के अनुसार, हादसे में मौके पर ही पांच महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हो गई। सभी मृतक दक्षिण भारतीय नागरिक बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान मुतु कुमार (58), अनामलिक (58), मिनाक्षी (59), शिवगामी (53), विजयाल (57), मीणा (58) और तमिलारेशी (60) के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

कई की हालत गंभीर 

हादसे में घायल हुए सात अन्य भारतीय श्रद्धालुओं को रेस्क्यू कर इलाज के लिए पुराना भरतपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में सोरनम (62), मंगदा जलम (65), सुभद्रा (75), मायला (65), सरोजा (73), भाग्यलक्ष्मी (65) और मीनाक्षी (34) शामिल हैं। वहीं बस के चालक और सह-चालक, जो नेपाली नागरिक हैं, वे भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं और आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है।

अनियंत्रित होकर गिरी बस 

प्रारंभिक जांच में रात के समय और नए रास्ते के कारण बस के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विस्तृत जांच कर रही है। नेपाल पुलिस मृतकों की पहचान की पुष्टि करने और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी है।