Chennai airport: चेन्नई एयरपोर्ट पर सनसनी! चलते विमान से कूदा यात्री, रनवे हुआ बंद
Chennai airport: चेन्नई एयरपोर्ट पर एयर अरेबिया फ्लाइट से यात्री ने इमरजेंसी एग्जिट खोलकर छलांग लगा दी। इस वजह से रनवे को कई घंटों के लिए बंद करना पड़ा।
Chennai airport: चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब शारजाह से आई एयर अरेबिया की फ्लाइट में सफर कर रहा एक यात्री अचानक इमरजेंसी एग्जिट खोलकर विमान से नीचे कूद गया। यह घटना उस समय हुई जब विमान लैंडिंग के बाद रनवे से हट चुका था और टैक्सीवे पर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। जैसे ही यह हुआ, विमान में बैठे अन्य यात्रियों में घबराहट फैल गई।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि यह घटना लैंडिंग के तुरंत बाद की है। उस समय विमान पूरी तरह रुका नहीं था, बल्कि धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और विमान को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा। अधिकारियों ने यह भी साफ किया कि यह घटना मेन रनवे पर नहीं हुई थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
यात्री की तबीयत यात्रा के दौरान ठीक नहीं थी
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि उस यात्री की तबीयत यात्रा के दौरान ठीक नहीं थी। बताया जा रहा है कि उसे उल्टी जैसा महसूस हो रहा था और उसने फ्लाइट के दौरान दो बार उल्टी भी की थी। माना जा रहा है कि इसी खराब हालत की वजह से उसने घबराकर यह कदम उठाया।
ग्राउंड सिक्योरिटी को जानकारी दी
घटना के तुरंत बाद पायलट ने ग्राउंड सिक्योरिटी को जानकारी दी। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान मौके पर पहुंचे और उस यात्री को तुरंत हिरासत में ले लिया। बाद में उसे आगे की जांच के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस घटना का असर एयरपोर्ट के कामकाज पर भी पड़ा। सुरक्षा के लिहाज से कुछ समय के लिए मुख्य रनवे को बंद कर दिया गया। सुबह 3 बजकर 23 मिनट से 4 बजकर 23 मिनट तक रनवे बंद रहा और इस दौरान आने-जाने वाली उड़ानों को दूसरे रनवे पर भेजा गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यात्री ने ऐसा कदम क्यों उठाया।