आनंद मोहन के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे बेटे चेतन आनंद ! आज बुलाई आपात बैठक, होगा बड़ा फैसला

चेतन आनंद की अपील से साफ है कि वह इस पूरे मामले को लेकर आगे की रणनीति तैयार करना चाहते हैं। 28 नवंबर को दोपहर 12.30 बजे पटना के गर्दनीबाग स्थित उनके आवास पर होने वाली इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है।

Chetan Anand/ Anand Mohan - फोटो : news4nation

Anand Mohan :  पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आनंद मोहन को दोबारा जेल जाना होगा, लेकिन इस फैसले के खिलाफ अब उनके परिवार की ओर से आगे की रणनीति बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। उनके बेटे और जदयू विधायक चेतन आनंद ने पिता के समर्थन में बिहार भर के प्रमुख अभिभावकों और नौजवान साथियों की आपात बैठक बुलाई है। 28 नवंबर को दोपहर 12.30 बजे पटना के गर्दनीबाग स्थित उनके आवास पर होने वाली इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है।


चेतन आनंद की अपील से साफ है कि वह इस पूरे मामले को लेकर आगे की रणनीति तैयार करना चाहते हैं। उन्होंने बैठक में शामिल होने की अपील करते हुए संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर व्यापक स्तर पर पहल की जा सकती है। ऐसे में सवाल है कि क्या 28 नवंबर की बैठक में आनंद मोहन की रिहाई और कानूनी लड़ाई को लेकर कोई बड़ा फैसला होगा?


चेतन आनंद ने उठाए सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर सवाल

चेतन आनंद ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले की जानकारी उन्हें कुछ घंटे पहले मीडिया के माध्यम से मिली है। जब तक वह अपने अधिवक्ता से पूरे फैसले की जानकारी नहीं ले लेते, तब तक इस पर कुछ कहना उचित नहीं होगा। हालांकि, उन्होंने अपने पिता को निर्दोष बताते हुए कहा कि पूरा बिहार जानता है कि उनके पिता ने वह अपराध नहीं किया, जिसकी सजा उन्हें दी गई है।


चेतन आनंद ने अपने बयान में मुकदमे के दौरान सामने आए दो प्रत्यक्ष गवाहों का भी जिक्र किया है। उनका दावा है कि तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया के ड्राइवर और बॉडीगार्ड दोनों ने अदालत में घटनास्थल पर आनंद मोहन की मौजूदगी से इनकार किया था।


उन्होंने बिहार सरकार के 2023 के कारा हस्तक संशोधन को लेकर भी सवाल उठाए। चेतन ने पूछा कि जब आनंद मोहन को 2007 में सजा सुनाई गई थी, तब लागू प्रावधानों के आधार पर ही उनके मामले का फैसला होना चाहिए था। फिर 2016 में लोक सेवक की ड्यूटी के दौरान हत्या से संबंधित प्रावधान उनके मामले में कैसे लागू हो सकता है? उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या कानून में बदलाव केवल आनंद मोहन को जेल भेजने के लिए होगा या 2023 के संशोधन से लाभान्वित अन्य लोगों पर भी इसका असर पड़ेगा? चेतन आनंद ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर यह महज कोई षड्यंत्र है तो इसका समय रहते माकूल जवाब दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने अपने समर्थकों और आनंद मोहन के चाहने वालों से अनुशासन और शालीनता बनाए रखने की अपील की है।


आनंद मोहन बोले- कोर्ट के फैसले का सम्मान 

उधर, शुक्रवार शाम सहरसा में आनंद मोहन ने भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह माननीय न्यायालय के फैसले का सम्मान करते हैं, लेकिन आज भी खुद को निर्दोष मानते हैं। उनका कहना था कि तत्कालीन गोपालगंज डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड में उनकी कोई गलती नहीं थी। आनंद मोहन ने कहा कि वह इस मामले को लेकर शनिवार को पटना में बैठक करेंगे। इसके साथ ही वह अलग-अलग जगहों पर जाकर लोगों को पूरे मामले की जानकारी देंगे। उनके इस बयान से साफ है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद वह भी सार्वजनिक स्तर पर अपनी बात रखने की तैयारी में हैं।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 5 दिसंबर 1994 को मुजफ्फरपुर में एक भीड़ ने गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। उस समय आनंद मोहन विधायक थे। इस मामले में उन्हें भीड़ को उकसाने का दोषी ठहराया गया था। वर्ष 2007 में उन्हें मृत्युदंड की सजा सुनाई गई थी, जिसे बाद में पटना हाईकोर्ट ने उम्रकैद में बदल दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने भी 2012 में उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी। इसके बाद अप्रैल 2023 में बिहार की तत्कालीन नीतीश सरकार ने कारा हस्तक के नियमों में संशोधन किया था। इसी संशोधन के आधार पर आनंद मोहन को समय से पहले रिहाई मिली थी।


लेकिन डीएम जी. कृष्णैया की पत्नी उमा देवी की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने 26 नवंबर 2026 को बिहार सरकार के संशोधन और आनंद मोहन की रिहाई के आदेश को रद्द कर दिया। शीर्ष अदालत ने उन्हें एक महीने के भीतर जेल प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि आत्मसमर्पण के बाद उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए उनकी समयपूर्व रिहाई पर नए सिरे से विचार किया जा सकता है। 

 

अब सबकी नजरें 28 नवंबर को गर्दनीबाग में होने वाली बैठक पर टिकी हैं। चेतन आनंद और आनंद मोहन दोनों की ओर से बैठक बुलाने और लोगों के बीच जाने की घोषणा के बाद यह देखना अहम होगा कि इस बैठक में कानूनी लड़ाई, जनसंपर्क अभियान या आगे की राजनीतिक रणनीति को लेकर क्या फैसला लिया जाता है।