इंस्टाग्राम लव स्टोरी का हैप्पी एंडिंग:सीतामढ़ी से छपरा पहुंची प्रेमिका,परिजनों की असहमति के बाद शिव मंदिर में लिए सात फेरे

सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली और फिर शादी के मुकाम तक पहुंच गई।सीतामढ़ी की रहने वाली रागनी 150 किलोमीटर का सफर तय कर अपने प्रेमी दिनेश के घर छपरा पहुंच गई। परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में सुतिहार के शिव मंदिर में दोनों ने शादी की

इंस्टाग्राम वायरल मैरिज बिहार - फोटो : Reporter

छपरा (सारण) में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक वर्चुअल दोस्ती अब सात जन्मों के रिश्ते में बदल गई है। सारण जिले के डेरनी थाना क्षेत्र स्थित सुतिहार गांव के शिव मंदिर में सोमवार को एक प्रेमी युगल ने हिंदू रीति-रिवाज के साथ शादी रचाई। मंदिर परिसर में संपन्न हुई इस अनोखी शादी को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण जमा हो गए। शादी का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।


150 किलोमीटर का सफर तय कर प्रेमी के गांव पहुंची रागनी

विवाह करने वाला युवक सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र (नारायणपुर गांव) निवासी जयनाथ महतो का पुत्र दिनेश कुमार है, जबकि युवती रागनी कुमारी सीतामढ़ी जिले की रहने वाली है। दोनों की मुलाकात कुछ समय पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत का सिलसिला बढ़ा और दोस्ती प्यार में बदल गई। जब दोनों के रिश्ते को परिजनों की शुरुआती सहमति नहीं मिली, तो रागनी ने हिम्मत दिखाते हुए सीतामढ़ी से 150 किलोमीटर दूर अपने प्रेमी के घर सारण पहुंचने का फैसला किया।

शिव मंदिर में लिए सात फेरे, ग्रामीणों ने दिया आशीर्वाद

युवती के घर पहुंचने के बाद दोनों परिवारों और स्थानीय प्रबुद्ध लोगों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद आपसी सहमति से विवाह का निर्णय लिया गया। सुतिहार स्थित शिव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने सात फेरे लिए और एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार कर लिया। शादी के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने नवदंपति पर अक्षत-पुष्प बरसाकर उनके सुखद और मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।


क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी अनोखी शादी, पुलिस ने दी जानकारी

मंदिर में हुई इस शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और पूरे इलाके में यह प्रेम कहानी चर्चा का केंद्र बनी हुई है। इस संबंध में डेरनी थाना प्रभारी प्रीति कुमारी ने बताया कि शादी से जुड़ा कोई विवाद या थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। दोनों पक्षों की सहमति से विवाह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ है।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट