सम्राट चौधरी फुल एक्शन में, दोनों डिप्टी सीएम संग बड़ी बैठक, सचिवालय का निरीक्षण
सम्राट चौधरी बिहार में मुख्यमंत्री बनते ही काम काज को लेकर काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं. इसी क्रम में उन्होंने अपने दोनों डिप्टी सीएम के साथ बैठक की है.
Samrat Choudhary: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री सचिवालय में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव,मुख्य सचिव सहित अन्य वरीय अधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया. मुख्यमंत्री सचिवालय का निरीक्षण भी किया. मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट फूल एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं. उन्होंने शपथ लेने के साथ ही सबसे पहले वरीय अधिकारियों संग बैठक कर बिहार के विकास की रुपरेखा को आगे बढ़ाने पर महत्वपूर्ण चर्चा की.
एक दिन पहले हुई बैठक में सम्राट ने पांच सूत्री दिशा निर्देश दिया था। उन्होंने कहा कि दुगुनी गति से काम कर समस्याओं का तेजी से समाधान करें। राज्य में भ्रष्टाचार खत्म करने को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से काम करें। मुख्यालय स्तर से लेकर नीचे तक कहीं भी कार्यों को लटकाने की प्रवृत्ति नहीं होनी चाहिये। जनता की समस्याओं का समाधान तेजी से हो, यह हमलोगों की प्रवृत्ति होनी चाहिये।
साथ ही प्रखण्ड, अंचल एवं थाना में आम जनता को सुविधा मिले तथा ससमय उनकी समस्या का समाधान हो। बिहार को विकसित एवं समृद्ध प्रदेश बनाने के लिये हमलोगों को एकजुट होकर अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ काम करना है। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद से संबंधित समस्याओं के समाधान को लेकर किसी प्रकार की जटिलता नहीं होनी चाहिये, कार्यों को सरल बनाते हुये उनका जल्द निपटारा करें। भूमि समस्या के कारण ही 60 से 70 प्रतिशत आपसी विवाद होता है। जनता परेशान न हो, खुशहाल रहे, इसको ध्यान में रखते हुये काम करना है। उन्होंने कहा कि प्रखण्ड, अंचल एवं थाना में आम जनता को सुविधा मिले तथा ससमय उनकी समस्या का समाधान हो।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं नीतीश कुमार के नेतृत्व में हमलोगों ने काम किया है। नीतीश कुमार ने जो काम किया है, उससे बिहार का बहुत विकास हुआ है और सभी लोग उससे अवगत हैं। उन्होंने सात निश्चय-1 और सात निश्चय-2 के तहत कई योजनाओं को पूर्ण कर राज्य के विकास को गति दिया है। प्रगति यात्रा के दौरान घोषित 430 योजनाओं पर भी काम तेजी से हो रहा है। 2025 में सात निश्चय-3 राज्य में लागू किया गया है, उस पर तेजी से काम करना है।