चिराग पासवान ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, भारत के 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची में इन नेताओं को पछाड़ा

सर्वे के अनुसार, 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद बिहार की राजनीति में उनकी पार्टी का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी भूमिका मजबूत हुई।

Chirag Paswan- फोटो : news4nation

Chirag Paswan : चिराग पासवान ने देश की राजनीति में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इंडियन एक्सप्रेस के प्रतिष्ठित सर्वे में उन्हें भारत के 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची में 41वां स्थान मिला है। यह उपलब्धि न सिर्फ उनके बढ़ते राजनीतिक कद को दर्शाती है, बल्कि बिहार की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ का भी संकेत देती है। इसी सर्वे में चिराग पिछले वर्ष 59वें स्थान पर थे जबकि इस बार उन्होंने बड़ी छलांग लगते हुए 41वां स्थान हासिल किया है। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर चिराग पासवान ने हाल के वर्षों में अपनी अलग पहचान बनाई है। युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ी है और उन्होंने खुद को नई पीढ़ी के नेता के रूप में स्थापित किया है। 


चुनावों में शानदार सफलता

सर्वे के अनुसार, 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद बिहार की राजनीति में उनकी पार्टी का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी भूमिका मजबूत हुई। एनडीए गठबंधन में उनकी सक्रियता और रणनीतिक भूमिका को भी इस रैंकिंग में अहम माना गया है। मौजूदा समय में चिराग की पार्टी लोजपा (रा) के 5 लोकसभा सदस्य हैं जबकि बिहार विधानसभा चुनाव में भी उनके दल ने शानदार सफलता हासिल की थी। उनकी पार्टी से 19 विधायक जीते। 


कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह रैंकिंग आने वाले समय में चिराग पासवान की भूमिका को और मजबूत करेगी। खासकर ऐसे समय में जब बिहार की सियासत में नए समीकरण बन रहे हैं, यह उपलब्धि उन्हें एक प्रमुख शक्ति केंद्र के रूप में स्थापित करती है। इस उपलब्धि पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। इसे बिहार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।


टॉप 20 में नितिन नवीन

लगातार 12वें साल पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की ताकतवर हस्तियों की लिस्ट में नंबर 1 और 2 पर हैं। टॉप 10 में से 9 नाम वही हैं जो 2025 में थे। टॉप 9 में नरेंद्र मोदी, अमित शाह, एस जयशंकर, मोहन भागवत, निर्मला सीतारमण, योगी आदित्यनाथ, राजनाथ सिंह, अश्विनी वैष्णव, राहुल गांधी का नाम भी शामिल है। राहुल गांधी और ममता बनर्जी ही दो नॉन-NDA नेता हैं जो टॉप 20 में जगह बना पाए हैं। बिहार के नेताओं में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन 21वें स्थान पर हैं।