चिराग पासवान ने की सम्राट चौधरी से मुलाकात, सीएम की शपथ लेने के पहले दिया खास संदेश

सम्राट चौधरी का लोकभवन में सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसके पहले चिराग पासवान ने उनसे मुलाकात की और मुख्यमंत्री बनने की बधाई दी।

Chirag Paswan met Samrat Chaudhary- फोटो : news4nation

Samrat Chaudhary : केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बुधवार को सम्राट चौधरी से मुलाकात की और उन्हें बधाई दी। चिराग ने इस मुलाकात को लेकर कहा कि उन्होंने 'पटना में बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पूर्व भाई श्री सम्राट चौधरी जी से मुलाकात कर उन्हें NDA विधायक दल के नेता चुने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार विकास, सुशासन और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।' वहीं सम्राट ने इस मुलाकात के लिए उनके साथ, सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद-आभार दिया। 

दरअसल, बिहार को अपना 24वां मुख्यमंत्री मिल चुका है। आज पहली बार बीजेपी कोटे से कोई मुख्यमंत्री बनेगा। लोकभवन में सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। जदयू कोटे से 2 डिप्टी सीएम शपथ लेंगे। सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री होंगे। करीब 2 दशक तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के बाद आखिरकार नीतीश कुमार की मुख्यमंत्री पद से विदाई हो गई है। आज पटना के लोकभवन स्थित जर्मन हैंगर में सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।


जदयू से 2 डिप्टी सीएम 

सम्राट चौधरी के साथ विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे। समारोह में कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना है। शपथ लेते ही सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बन जाएंगे। सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में पहली बार भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार बनेगी। यह राजनीतिक बदलाव नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद संभव हुआ है।


सीएम नीतीश ने सौंपा इस्तीफा 

मंगलवार को दिनभर चले घटनाक्रम में सुबह 11 बजे नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आखिरी कैबिनेट बैठक हुई। दोपहर 3:20 बजे उन्होंने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया। इसके तुरंत बाद 3:34 बजे सम्राट चौधरी भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए। शाम 5:15 बजे उन्हें NDA विधायक दल का नेता चुना गया और 5:47 बजे उन्होंने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।

 

नीतीश से सीखा सरकार चलाना

भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें काम करने का मौका दिया है और वे करीब 30 साल से राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के विचारों से प्रभावित होकर वे भाजपा से जुड़े और 2015 से लगातार पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। सम्राट चौधरी ने कहा कि, नीतीश कुमार जी ने जो बिहार का विकास किया है, उसे हम आगे बढ़ाएंगे। मैंने उनके साथ रहकर सरकार चलाना सीखा है और उनके समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने की दिशा में काम करेंगे।


NDA बैठक में दिखा सम्मान

NDA विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा और उन्हें माला पहनाकर बधाई दी। इस दौरान सम्राट चौधरी ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। नई सरकार के गठन के साथ ही बिहार की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत हो रही है, जिस पर पूरे देश की नजर बनी हुई है।