सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी की बिगड़ी तबीयत, IGIMS में चल रहा इलाज, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पहुंचे अस्पताल

Patna News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पिता और पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई।...

अस्पताल में भर्ती हुए शकुनी चौधरी- फोटो : reporter

Patna News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पिता और पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सांस लेने में तकलीफ, बोलने में परेशानी और ऑक्सीजन लेवल कम होने के बाद उन्हें तुरंत पटना स्थित IGIMS में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के आईसीयू में रखा, जहां विशेषज्ञों की निगरानी में इलाज शुरू किया गया।

डॉक्टरों के मुताबिक शकुनी चौधरी को गंभीर अस्थमा अटैक आया था। अचानक सांस लेने में परेशानी बढ़ने के कारण उन्हें तत्काल अस्पताल लाना पड़ा। इलाज शुरू होने के बाद उनकी तबीयत में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिला। शाम तक हालत स्थिर होने पर उन्हें आईसीयू से डीलक्स रूम में शिफ्ट कर दिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि अब उनकी स्थिति सामान्य है और यदि स्वास्थ्य इसी तरह बेहतर रहा तो शुक्रवार को उन्हें डिस्चार्ज किया जा सकता है।

पूर्व मंत्री के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही बिहार की राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी आईजीआईएमएस पहुंचे और डॉक्टरों से मुलाकात कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। उन्होंने इलाज को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए। अस्पताल परिसर में दिनभर नेताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों का आना-जाना लगा रहा। कई राजनीतिक हस्तियों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ और शुभकामनाएं दीं।

इसी बीच गुरुवार देर शाम मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव लोकेश कुमार सिंह की तबीयत भी अचानक बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार उनका शुगर लेवल अचानक काफी नीचे चला गया था। उन्हें भी तत्काल आईजीआईएमएस लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार और जांच के बाद करीब एक घंटे में उनकी स्थिति सामान्य हो गई। बाद में डॉक्टरों ने उन्हें घर भेज दिया।

शकुनी चौधरी बिहार की राजनीति का एक बड़ा और अनुभवी चेहरा रहे हैं। उन्होंने 1980 से 2005 तक तारापुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और राज्य की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई।