CM Nitish Mahila Sambad: सीएम नीतीश ने 'महिला संवाद रथ' को दिखाया हरी झंडी, विधानसभा चुनाव से पहले जदयू का मास्टर स्ट्रोक

CM Nitish Mahila Sambad: सीएम नीतीश आज से महिला संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सीएम नीतीश ने महिला संवाद रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ 38जिलों में घुमकर महिलाओं से संवाद करेगी।

सीएम नीतीश
सीएम नीतीश महिला संवाद कार्यक्रम- फोटो : reporter

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक्शन मोड में है। चुनाव में महिलाओं को साधने के लिए जदयू की ओर से बड़ी पहल शुरु की गई है। सीएम नीतीश ने आज एक अन्य मार्ग से 'महिला संवाद रथ' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह विशेष संवाद रथ बिहार के अलग-अलग जिलों में जाकर महिलाओं के बीच नीतीश सरकार द्वारा अब तक किए गए कार्यों की जानकारी देगा। खासतौर पर महिला सशक्तिकरण, नौकरी, रोजगार और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता से बताया जाएगा। इस रथ के माध्यम से महिलाओं को यह संदेश दिया जाएगा कि सरकार ने उनके हित में किस तरह से कार्य किया है।

सीएम नीतीश ने दिखाया हरी झंडी 

जदयू ने चुनाव से पहले महिला मतदाताओं को एकजुट करने के उद्देश्य से यह अभियान तेज कर दिया है। दो दिन पहले ही पार्टी कार्यालय पर "2025 से 2030 फिर से नीतीश" का नारा देते हुए आधिकारिक पोस्टर जारी किया गया। इस पोस्टर का वीडियो भी जारी किया गया है। जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की योजनाओं और वादों को दर्शाया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो जदयू की यह कवायद महिला वोटरों को आकर्षित करने की दिशा में एक अहम रणनीति हो सकती है, जो आने वाले चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकती है।

600 जगहों से एकसाथ होगा शुभारंभ

महिला संवाद कार्यक्रम का पहला दिन राज्य के 600 स्थानों पर एकसाथ आयोजित होगा। यह अभियान अगले दो महीनों तक चलेगा और इसका उद्देश्य महिलाओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। सरकार की योजना है कि इस दौरान करीब दो करोड़ महिलाओं तक संवाद पहुंचाया जाए। जिसमें 1.35 लाख जीविका दीदियां भी शामिल होंगी।

राजनीतिक दृष्टि से अहम पहल

इस वर्ष होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए 'महिला संवाद' कार्यक्रम को नीतीश सरकार की एक बड़ी रणनीतिक पहल माना जा रहा है। इसके तहत प्रदेश भर के गांव-गांव में जाकर महिलाओं को सरकारी योजनाओं के लाभ और उनके सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी जाएगी। मालूम हो कि बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष का ध्यान आधी आबादी पर विशेष तौर पर है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो आधी आबादी सत्ता पलटने की ताकत रखती हैं। 

38 जिलों में होगा आयोजन

कार्यक्रम के तहत 38 जिलों में हर दिन औसतन 1200 स्थानों पर संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। संवाद सुबह और शाम, दोनों समय आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए 600 प्रचार वाहनों को विशेष रूप से तैयार किया गया है, जो गांव-गांव जाकर जानकारी साझा करेंगे। केवल पटना जिले में ही 1,395 स्थानों पर महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित होने हैं।

इन योजनाओं की मिलेगी जानकारी

महिला संवाद अभियान के दौरान महिलाओं को राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं और नीतियों से अवगत कराया जाएगा, जिनमें शामिल हैं- महिला सशक्तिकरण नीति 2015, महिला आरक्षण योजना, नशामुक्ति अभियान, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन अभियान, जीविका योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, बालिका पोशाक योजना और अन्य सामाजिक-आर्थिक योजनाएं, महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम

सरकार का दावा 

सरकार का दावा है कि यह कार्यक्रम राज्य में महिलाओं के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। संवाद के ज़रिए सरकार न केवल अपनी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएगी, बल्कि महिलाओं की भागीदारी और जागरूकता भी बढ़ाने का प्रयास करेगी।

पटना से रंजन की रिपोर्ट

Editor's Picks