Women Reservation Bill: महिलाओं के राजनीति में एंट्री पर छिड़ी जंग, ऐतिहासिक गांधी मैदान में सीएम सम्राट चौधरी की चेतावनी, पाताल से खींच लाएंगें...

Women Reservation Bill: पटना के गांधी मैदान में सीएम सम्राट चौधरी जमकर गरजे। इस दौरान सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। साथ ही कहा कि, जो भी महिलाओं के साथ गलत करेगा उसको पताल से लाकर सजा देंगे।

गांधी मैदान में गरजे सीएम सम्राट - फोटो : reporter

Women Reservation Bill: भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से राजधानी पटना में महिला आरक्षण बिल के समर्थन में  ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ आयोजित किया गया। गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक पर करीब 10 हजार महिलाओं की भारी भीड़ जुटी, जिनके हाथों में तिरंगा और विरोध के पोस्टर नजर आए। प्रदर्शन में शामिल महिलाएं नारे लगाते हुए विरोध जता रही थीं। इस दौरान एक महिला जंजीर बांधकर प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शन में शामिल हुई, जिसने लोगों का ध्यान खींचा। इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी भी प्रदर्शन में शामिल हुए। 

गांधी मैदान में गरजे सीएम सम्राट 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर गांधी मैदान में जोरदार संबोधन दिया। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत “जय श्री राम” और “जय मईया सीता” के जयकारों के साथ की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए कानून बनाए हैं और सरकार महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए नए परिसीमन के बाद महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और विधानसभा में 122 तक महिला विधायक चुनी जा सकती हैं।

महिलाएं संसद तक पहुंचे विपक्ष को स्वीकार नहीं 

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष नहीं चाहता कि बड़ी संख्या में महिलाएं संसद और विधानसभा तक पहुंचें। प्रधानमंत्री चाहते हैं कि देश में अधिक से अधिक महिलाएं, बहनें, संसद तक पहुंचे, लेकिन विपक्ष इसे स्वीकार नहीं कर पा रहा है। सम्राट चौधरी ने कहा कि कुछ दल केवल अपने परिवार की महिलाओं को ही आगे बढ़ाना चाहते हैं, जबकि उनकी पार्टी पूरे देश की महिलाओं के सशक्तिकरण की बात करती है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में नगर निकाय चुनावों में करीब 69% महिलाएं जीत दर्ज कर रही हैं, जो महिलाओं की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी को दर्शाता है।

पाताल से खोजकर दी जाएगी सजा 

मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सख्त संदेश देते हुए कहा कि, जो भी महिलाओं के साथ गलत करेगा, उसे पाताल से खोजकर सजा दी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि महिला आरक्षण के मुद्दे को जन आंदोलन का रूप दिया जाए। सीएम ने कहा कि, इस जन आक्रोश को ज्वाला बनाकर रखें, जब तक लोकसभा और विधानसभा में 33% आरक्षण लागू नहीं हो जाता। मुख्यमंत्री ने महागठबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी दल केवल राजनीतिक लाभ के लिए काम कर रहे हैं, जबकि उनकी सरकार महिलाओं के अधिकार और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।

पटना से वंदना की रिपोर्ट