मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर नीतीश से मिले सीएम सम्राट, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को जाना पड़ा पैदल
Nitish Kumar : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। दोनों नेताओं की मुलाकात नीतीश कुमार के आवास 7 सर्कुलर रोड में हुई. सम्राट की नीतीश से यह मुलाकात बेहद खास मानी जा रही है क्योंकि राज्य मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभागों का बंटवारा किया जा चुका है. माना जा रहा है कि विभागों से जुड़े बंटवारे और अन्य सियासी मुद्दों को लेकर नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी ने अहम बात हुई. दोनों में करीब 30 मिनट की मुलाकात हुई.
वहीं नीतीश कुमार से मुलाकात कर 7 सर्कुलर रोड से लौटने के दौरान सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का आमना सामना हुआ. इस दौरान एक अजीब वाकया हुआ जिसने सबको हैरान कर दिया. जब सम्राट चौधरी का कारकेड 7 सर्कुलर रोड से निकल रहा था उसी दौरान ललन सिंह की गाड़ी 7 सर्कुलर रोड में प्रवेश करने वाली थी. ऐसे में सुरक्षा प्रोटोकॉल के हिसाब से ललन सिंह के काफिले को 7 सर्कुलर रोड के बाहर ही रुकना पड़ गया. ललन सिंह वहां से पैदल ही 7 सर्कुलर रोड में प्रवेश किये लेकिन उसी दौरान मुख्य गेट पर सम्राट चौधरी का कारकेड आ गया. सम्राट ने कुछ समय के लिए वहीं अपने कारकेड को रुकवाया और ललन सिंह से अभिवादन के बाद दोनों अपने अपने रास्ते बढ़ गए.
दरअसल, मंत्रिमंडल विस्तार में नीतीश कुमार के बेटे निशांत को भी मंत्री बनाया गया है. उन्हें स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा दिया गया है. इसके अतिरिक्त जदयू कोटे के कई अन्य मंत्रियों को प्रमुख विभाग दिया गया है. इन सब मुद्दों को लेकर नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी में अहम मन्त्रणा होने और बाद में ललन सिंह से भी इन मुद्दों पर नीतीश की चर्चा होने की खबर है.