सीएम सम्राट ने पटनदेवी और जल्ला वाले हनुमान मंदिर में की विशेष पूजा-अर्चना, बिहार की खुशहाली और तरक्की के लिए मांगा आशीर्वाद
Bihar News : बिहार की कमान संभालने के बाद सीएम सम्राट चौधरी लगातार धार्मिक स्थलों का दौरा कर रहे है। इसी कड़ी में आज मंगलवार को वे पटना स्थित पटनदेवी और प्रसिद्ध जल्ला वाले हनुमान मंदिर पहुँचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की..
Patna : बिहार की कमान संभालने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राज्य के विकास के साथ-साथ आध्यात्मिक ऊर्जा संचय में भी जुटे हुए हैं। शासन की व्यस्तताओं के बीच वे लगातार धार्मिक स्थलों का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री पटना के प्रसिद्ध शक्तिपीठों और मंदिरों के दर्शन के लिए निकले। उन्होंने बारी-बारी से बड़ी पटनदेवी, छोटी पटनदेवी और प्रसिद्ध जल्ला वाले हनुमान मंदिर पहुँचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री सबसे पहले पटना की आराध्य देवी 'बड़ी पटनदेवी' मंदिर पहुँचे, जहाँ मंदिर के पुजारियों ने मंत्रोच्चार के साथ उनका स्वागत किया। यहाँ उन्होंने माता रानी की प्रतिमा के दर्शन कर आरती उतारी। इसके तुरंत बाद वे 'छोटी पटनदेवी' मंदिर गए और वहाँ भी शक्ति स्वरूपा माँ का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और धर्मपरायणता के साथ राज्य की उन्नति के लिए प्रार्थना की।
शक्तिपीठों के दर्शन के उपरांत सम्राट चौधरी 'जल्ला वाले हनुमान मंदिर' पहुँचे। यहाँ उन्होंने बजरंगबली के चरणों में शीश नवाया और विशेष पूजा-पाठ संपन्न किया। मुख्यमंत्री ने इन तीनों धार्मिक स्थलों पर बिहार की प्रगति और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा और जन-समर्थन से वे बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बता दें इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना साहिब गुरुद्वारा, देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर, सोनपुर स्थित हरिहरनाथ मंदिर और पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में दर्शन कर चुके हैं, जो उनकी सर्वधर्म समभाव और सांस्कृतिक जड़ों के प्रति आस्था को दर्शाता है।
रजनीश की रिपोर्ट