Bihar Flood: नेपाल के सैलाब से बिहार में खौफ, CM सम्राट ने गंडक बराज का हवाई जायजा लेकर अफसरों को किया अलर्ट

Bihar Flood:नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के बाद गंडक बराज में बढ़ते जलस्तर ने बिहार के सीमावर्ती इलाकों में खतरे की घंटी बजा दी है।...

CM सम्राट ने गंडक बराज का लिया हवाई जायजा - फोटो : Hiresh Kumar

Bihar Flood:नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के बाद गंडक बराज में बढ़ते जलस्तर ने बिहार के सीमावर्ती इलाकों में खतरे की घंटी बजा दी है। संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को गंडक बराज समेत बगहा और वाल्मीकिनगर के बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जलस्तर और निचले इलाकों की स्थिति का जायजा लिया तथा प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि नेपाल में आए सैलाब को देखते हुए बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों बगहा, वाल्मीकिनगर, बेतिया और मोतिहारी में बाढ़ की स्थिति का सर्वेक्षण किया गया। हवाई निरीक्षण के दौरान संभावित प्रभावों, एहतियाती उपायों और राहत-बचाव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई।

गंडक के बढ़ते जलस्तर पर पैनी नजर

नेपाल में लगातार बारिश के कारण नदियों में पानी बढ़ने और गंडक बराज का जलस्तर ऊपर जाने से वाल्मीकिनगर और आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ा है। इसी संवेदनशील स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मौके की स्थिति को ऊपर से देखा और प्रशासन को पूरी तरह मुस्तैद रहने का निर्देश दिया।

सीएम सम्राट ने अधिकारियों से कहा कि संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं। खासकर निचले और संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि पानी बढ़ने की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।

राहत-बचाव में कोताही नहीं

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तत्परता के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया है। संभावित बाढ़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, राहत सामग्री और बचाव अभियान से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में नागरिकों की सुरक्षा और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और प्रभावित आबादी तक मदद पहुंचाने में किसी तरह की ढिलाई न हो।नेपाल से आने वाले पानी और गंडक बराज के जलस्तर पर लगातार निगाह रखी जा रही है। सीमावर्ती इलाकों में प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखने के साथ निचले क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री का हवाई सर्वेक्षण ऐसे वक्त में हुआ है, जब नेपाल में भारी बारिश और सैलाब के बाद बिहार के सीमावर्ती जिलों में संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है।