Bihar News:मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आज दिल्ली दौरा, नितिन गडकरी से अहम मुलाकात, विकास की होगी बड़ी डील

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राजधानी दिल्ली के अहम दौरे पर रहेंगे, जहां उनकी मुलाकात केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से होगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आज दिल्ली दौरा- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज यानी सोमवार को राजधानी दिल्ली के अहम दौरे पर रहेंगे, जहां उनकी मुलाकात केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से होगी। इस हाई-प्रोफाइल बैठक पर न सिर्फ बिहार सरकार बल्कि विकास परियोजनाओं से जुड़ी तमाम एजेंसियों की निगाहें टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में राज्य की करीब 15 हजार करोड़ रुपये की सड़क और पुल परियोजनाओं को नई रफ्तार देने के लिए केंद्र से वित्तीय मंजूरी और बजट आवंटन पर निर्णायक चर्चा होगी।

बैठक का सबसे अहम एजेंडा बिहार के सड़क नेटवर्क को आधुनिक और मजबूत बनाना है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी डुमराव, विक्रमगंज, सफिया सराय और जहानाबाद में प्रस्तावित नए रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) परियोजनाओं को प्रमुखता से उठाएंगे। इन परियोजनाओं के लिए केंद्र से स्वीकृति और आर्थिक सहयोग की मांग की जाएगी। इन पुलों के निर्माण से रेलवे फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी और आम लोगों के साथ-साथ मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी अधिक सुगम होगी।

बैठक में अरवल–बिहारशरीफ सड़क परियोजना भी प्रमुख मुद्दा रहेगी। यह महत्वाकांक्षी परियोजना दक्षिण और मध्य बिहार के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करेगी, जिससे व्यापार, उद्योग, कृषि परिवहन और क्षेत्रीय विकास को नई उड़ान मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा बेतिया, समस्तीपुर और औरंगाबाद बाइपास परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा होगी। इन बाइपास के बनने से शहरों में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लंबी दूरी की यात्रा पहले से अधिक आसान और तेज होगी।

मुख्यमंत्री जयनगर में कमला नदी पर दो नए पुलों के निर्माण का प्रस्ताव भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखेंगे। इन पुलों के बनने से मिथिलांचल और सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे स्थानीय लोगों के आवागमन के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

सरकार की कोशिश है कि इन सभी परियोजनाओं को जल्द से जल्द वित्तीय स्वीकृति मिले, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से शुरू हो सके और बिहार के आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिल सके। हालांकि इस दौरे का आधिकारिक एजेंडा सड़क और पुल परियोजनाओं तक सीमित बताया गया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे बेहद अहम माना जा रहा है। चर्चा है कि दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कई वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय पदाधिकारियों से भी मुलाकात हो सकती है। ऐसे में यह दौरा विकास के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।