Bihar News : खान सर पर कोचिंग संचालक ने लगाया शोषण और धमकाने का आरोप, एसएसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

Bihar News : निखिल कोचिंग के डायरेक्टर ने खान सर से अपनी जान को खतरा बताया है. जिसके बाद एसएसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है.......पढ़िए आगे

खान सर पर आरोप - फोटो : NAROTTAM

PATNA : पटना के चर्चित शिक्षक फैजल खान उर्फ 'खान सर' एक नए गंभीर विवाद में घिर गए हैं। उनके पूर्व सहयोगी और कोचिंग संचालक निखिल कुमार ने खान सर पर कोचिंग में पढ़ने वाली छात्राओं का शारीरिक व मानसिक शोषण करने के अत्यंत संगीन आरोप लगाए हैं। मामला तब तूल पकड़ने लगा जब संस्थान में पढ़ने वाली छात्रा हुसंसारा खातून ने इस विषय को प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद अब अन्य पीड़िताओं के भी सामने आने की बात कही जा रही है।

निखिल कोचिंग के डायरेक्टर निखिल कुमार ने मीडिया के सामने आकर दावा किया कि शुरुआती दिनों में जब खान सर उनके संस्थान में पढ़ाते थे, तब से लेकर अब तक वे कई लड़कियों के शोषण में लिप्त रहे हैं। निखिल कुमार का आरोप है कि जब उन्होंने इस मामले की सच्चाई मीडिया और समाज के सामने लाने का प्रयास किया, तो खान सर ने उन्हें चुप कराने के लिए लाखों रुपये का ऑफर देकर खरीदने की कोशिश की। जब वे बिकने को तैयार नहीं हुए, तो अब उनकी रेकी कराई जा रही है और उन्हें लगातार मानसिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है।

अपनी जान पर बने खतरे को देखते हुए शिक्षक निखिल कुमार ने पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से संपर्क कर सुरक्षा की गुहार लगाई है और पूरे मामले की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास खान सर के खिलाफ आधे दर्जन से अधिक प्रताड़ित लड़कियों के संपर्क और पक्के सबूत मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि खान सर का जो सौम्य और परोपकारी चेहरा समाज के सामने दिखता है, वह केवल एक दिखावा है और उनका असली चेहरा जल्द ही जनता के सामने आ जाएगा।

फिलहाल, इन बेहद गंभीर आरोपों के बाद पटना के शैक्षणिक और प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच में जुट गई है। वहीं, इन आरोपों पर खान सर या उनकी कानूनी टीम की ओर से आधिकारिक पक्ष आना बाकी है।

नरोत्तम की रिपोर्ट